(Minghui.org) 30 मई, 2026 को ब्रिटेन के माइडनहेड में स्थित सेंट जोसफ’स कैथोलिक चर्च में वृत्तचित्र "स्टेट ऑर्गन्स " का प्रदर्शन किया गया। यह वृत्तचित्र चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (सीसीपी) द्वारा राज्य-प्रायोजित तरीके से फालुन गोंग अभ्यासियों से जबरन अंग-निकासी किए जाने के अपराध को उजागर करता है।
30 मई, 2026 को ब्रिटेन के माइडनहेड स्थित सेंट जोसेफ कैथोलिक चर्च में वृत्तचित्र "स्टेट ऑर्गन्स" का प्रदर्शन किया गया (Minghui.org)
पीछे की पंक्ति में बाएँ से दाएँ: बेनेडिक्ट रोजर्स, इनवेर टोहती और प्रितपाल भुल्लर। सामने की पंक्ति में कार्यक्रम के दो आयोजक हैं (Minghui.org)
फिल्म प्रदर्शन के बाद मानवाधिकार समर्थकों, डॉक्टरों और स्थानीय निवासियों ने सीसीपी द्वारा संगठित और समर्थित अंग प्रत्यारोपण उद्योग पर चर्चा की। कई लोगों ने कहा कि वे सीसीपी के मानवाधिकार उल्लंघनों से स्तब्ध हैं, लेकिन फालुन गोंग अभ्यासियों की दृढ़ता और अटलता से वे गहराई से प्रभावित हुए।
फुलविंदर ने कहा, "मैंने नहीं सोचा था कि स्थिति इतनी भयानक है। मानवाधिकारों का ऐसा रौंदा जाना कल्पना से परे है। हम इसे जारी नहीं रहने दे सकते। हमें चीनी लोगों की सहायता करनी चाहिए ताकि वे सीसीपी के अत्याचारों को समाप्त कर सकें।"
जबरन अंग-निकासी के प्रत्यक्षदर्शी
पूर्व सर्जन इनवेर टोहती जो शिनजियांग में जन्मे एक उइगर हैं, को सीसीपी की जबरन अंग-निकासी का व्यक्तिगत अनुभव है। ब्रिटेन भागने के बाद उन्होंने स्वयं को मानवाधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया और वर्तमान में ब्रिटेन में उइगर एसोसिएशन के प्रमुख हैं।
उन्होंने कहा कि शुरुआती दिनों में पीड़ितों की संख्या कम थी और जीवित लोगों से अंग निकालने की घटनाओं को छिपाया जाता था। लेकिन 1990 के दशक के उत्तरार्ध में एक चिंताजनक बदलाव सामने आया। 1999 में सीसीपी ने फालुन गोंग का दमन शुरू किया, जिसने उसे अंगों का लगभग असीमित स्रोत उपलब्ध करा दिया।
मानवाधिकार समर्थक ने लोगों से फालुन गोंग का समर्थन करने का आवाहन किया
प्रमुख मानवाधिकार कार्यकर्ता और हॉन्ग कॉन्ग वाच के सह-संस्थापक बेनेडिक्ट रोजर्स ने कहा कि ब्रिटेन में स्वैच्छिक अंगदान की व्यवस्था है। यह सर्वविदित है कि किसी उपयुक्त अंग का मिलान होने में सामान्यतः कई महीने या यहाँ तक कि कई वर्ष लग जाते हैं—सिर्फ एक या दो सप्ताह नहीं। फिर भी चीन में यह प्रक्रिया केवल एक या दो सप्ताह में पूरी हो सकती है। इसलिए यह प्रश्न उठता है कि यदि ये अंग जबरन अंग-निकासी से नहीं आते, तो क्या वे यूँ ही कहीं से प्रकट हो जाते हैं?
एक कैथोलिक होने के नाते, रॉजर्स—ब्रिटेन के लार्ड अल्टों और अमेरिका के क्रिस स्मिथ जैसे अधिकारियों के साथ—लगातार इस मुद्दे पर आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा:
"कैथोलिक मीडिया ने हमारा बहुत समर्थन किया है, और मैं कई कैथोलिक प्रकाशनों के लिए लिखता हूँ। मुझे आशा है कि कैथोलिक चर्च, साथ ही सभी धार्मिक और आस्था-आधारित समूह, इस मुद्दे पर फालुन गोंग अभ्यासियों के साथ खड़े होने और उनके समर्थन में और अधिक प्रयास करेंगे।"
इस अत्याचार को अवश्य रोका जाना चाहिए
प्रितपाल भुल्लर, जो इंटरनेशनल रिलीजियस फ्रीडम अलायन्स के सह-अध्यक्ष हैं, लंबे समय से सभी लोगों के लिए धर्म और आस्था की स्वतंत्रता को बढ़ावा देने के लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा:
"यह वास्तव में हृदयविदारक है कि लोगों को अपने ही शरीर पर अधिकार से वंचित किया जा रहा है और यहाँ तक कि उन्हें अपने विश्वास रखने की स्वतंत्रता भी नहीं दी जा रही है। मानवीय गरिमा का ऐसा उल्लंघन अत्यंत दुखद है।"
उन्होंने आगे कहा कि सबसे पीड़ादायक बात यह है कि असंख्य परिवारों को यह तक नहीं पता कि उनके प्रियजनों के साथ क्या हुआ।
"यह एक बहुत बड़ा कलंक है। हमें इसे रोकना होगा। एक मानवाधिकार रक्षक के रूप में, मेरी ज़िम्मेदारी है कि मैं यह सुनिश्चित करूँ कि प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा की रक्षा हो।"
भुल्लर ने अपने मानवाधिकार कार्य के माध्यम से फालुन गोंग अभ्यासियों के साथ संपर्क किया और कहा कि वे "बहुत दयालु और मैत्रीपूर्ण लोग हैं।" उन्होंने फालुन गोंग के सत्य, करुणा और सहनशीलता के सिद्धांतों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ये मानव सभ्यता के मूलभूत मूल्य हैं।
"यह केवल उनका विश्वास नहीं है, बल्कि ऐसा आचरण है जिसका पालन प्रत्येक व्यक्ति को करना चाहिए।"
कॉपीराइट © 1999-2026 Minghui.org. सर्वाधिकार सुरक्षित।