(Minghui.org) युवा अभ्यासियों ने 25–26 जुलाई 2026 को ताइवान के ताइनान स्थित नेशनल चेंग कुंग विश्वविद्यालय में आयोजित फालुन दाफा युवा ग्रीष्मकालीन शिविर में भाग लिया। उन्होंने फालुन दाफा की शिक्षाओं का अध्ययन किया, अभ्यास किए, अपने साधना अनुभवों पर आत्मचिंतन किया, और इस पर चर्चा की कि वे स्वयं को फालुन दाफा के सत्य-करुणा-सहनशीलता के सिद्धांतों के साथ और अधिक बेहतर ढंग से कैसे सामंजस्य में ला सकते है |
2026 ताइवान फालुन दाफा युवा ग्रीष्मकालीन शिविर में युवा अभ्यासी शामिल हुए। (Minghui.org)
शिविर में उपस्थित लोगों ने फालुन दाफा की शिक्षाओं को पढ़ा (Minghui.org)

युवा अभ्यासियों ने शिविर में अभ्यास किया (Minghui.org)
शिविर में 13 से 40 वर्ष की आयु के प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें माध्यमिक विद्यालय, उच्च विद्यालय और महाविद्यालय के विद्यार्थी तथा विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत युवा पेशेवर शामिल थे। उन्होंने शिक्षा, नौकरी, पारस्परिक संबंधों और जीवन के विभिन्न चरणों में युवाओं के सामने आने वाले साधना से जुड़े सामान्य मुद्दों पर चर्चा की।
चर्चा के विषयों में अंतर्मन में देखना, अपने चरित्र का परिष्कार करना, मानवीय धारणाओं को त्यागना तथा अन्य अभ्यासियों के साथ समन्वयपूर्वक सहयोग करना शामिल था। प्रतिभागियों ने कहा कि इन चर्चाओं से उन्हें फालुन दाफा की शिक्षाओं को और गहराई से समझने में सहायता मिली तथा विभिन्न प्रकार के अपने आसक्तियों को छोड़ने में भी मदद मिली।
एक इंजीनियर से लेकर मीडिया प्रोफेशनल तक
यांग जुनहाओ (Minghui.org)
यांग जुनहाओ ने कहा कि वे अक्सर जीवन के अर्थ के बारे में सोचते थे। अब वे समझते हैं कि एक अभ्यासी को साधना के माध्यम से निरंतर स्वयं को बेहतर बनाना चाहिए और फा (शिक्षाओं) का अध्ययन करके, अभ्यास करके तथा अपनी आसक्तियों को छोड़ते हुए अपने वास्तविक स्वरूप की ओर लौटने का प्रयास करना चाहिए।
एक मित्र ने 2017 में यांग को फालुन दाफा के बारे में बताया। साधना शुरू करने के बाद उन्होंने पाया कि उनकी शारीरिक शक्ति बढ़ गई और उनके विचार अधिक स्पष्ट हो गए। वे जीवन की चुनौतियों का सकारात्मक दृष्टिकोण से सामना करने लगे। उन्होंने कहा, "फालुन दाफा लोगों को अच्छा इंसान बनना और स्वयं को बेहतर बनाना सिखाता है, लेकिन साथ ही यह अभ्यासियों से उच्च स्तर की अपेक्षा भी रखता है।" उन्हें एहसास हुआ कि यदि वे वास्तव में स्वयं को सुधारना चाहते हैं, तो उन्हें अपने प्रत्येक विचार की जांच करनी होगी।
कार्यबल में प्रवेश करने के बाद, मास्टरजी की लोगों को बचाने में सहायता करने की अपनी इच्छा को पूरा करने के लिए उन्होंने शिनचू साइंस पार्क में इंजीनियर की नौकरी छोड़ दी और पूर्णकालिक मीडिया कार्य से जुड़ गए। जब टीम के भीतर मतभेद होते, उनके सुझाव अस्वीकार कर दिए जाते या कोई स्थिति निराशाजनक प्रतीत होती, तब वे हमेशा याद रखते कि वे एक साधक हैं। उन्होंने कहा, "केवल यह देखने के बजाय कि मैंने क्या अच्छा किया, मुझे इस पर भी ध्यान देना चाहिए कि मैं कहाँ सुधार कर सकता हूँ।" उन्होंने अपने अहंकार को एक ओर रखकर दूसरों के दृष्टिकोण को समझने का प्रयास किया और पूरी टीम के साथ सहयोग करना चुना।
यांग ने कहा, "मैं इस शिविर का आभारी हूँ, जिसने युवा अभ्यासियों को एक-दूसरे से सीखने और साथ मिलकर साधना करने का वातावरण प्रदान किया।" उन्होंने बताया कि यह तीसरी बार है जब उन्होंने इस शिविर में भाग लिया है। समूह चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें लगा था कि साथी अभ्यासियों द्वारा बनाए गए वीडियो बहुत अधिक सांसारिक हैं और वे अभ्यासियों के उत्पीड़न के बारे में सच्चाई को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत नहीं कर सकते या लोगों को नहीं बचा सकते। लेकिन गहन चर्चा के बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनकी सोच सही नहीं थी। उन्होंने समझा कि उन्हें दूसरों के प्रति दयालु होना चाहिए तथा अपने नकारात्मक और आलोचनात्मक विचारों को समाप्त करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे आगे से स्वयं के अंतर्मन में झाँकने और दूसरों को बेहतर ढंग से समझने का प्रयास करेंगे।
टीवी धारावाहिक देखने की आसक्ति से मुक्त होना
किउ शिन्यू ने कहा कि उसने टीवी नाटक देखना बंद कर दिया और याद किया कि उसने साधना क्यों की (Minghui.org)
चिउ शिन्यू ने बचपन में अपनी माँ के साथ फालुन दाफा का अभ्यास शुरू किया। बाद में उन्होंने निआओसोंग आर्ट्स हाई स्कूल में नृत्य की शिक्षा प्राप्त की। वहाँ उन्होंने अपने शिक्षकों और मित्रों के मार्गदर्शन में फा का अध्ययन किया और अभ्यास किए। उन्होंने कहा, "मैं एक गंभीर स्वभाव की व्यक्ति हूँ। जब मैंने दूसरों को ढिलाई करते देखा, तो मैं स्वयं को एकाग्र रहने की याद दिलाती थी।"
विश्वविद्यालय में प्रवेश करने और स्वतंत्र एवं खुले परिसर के वातावरण में रहने के बाद उन्होंने स्वयं से कहा कि उन्हें साधना में और आगे बढ़ना चाहिए। लेकिन विश्वविद्यालय जीवन की विविधताओं ने उनके साधना के संकल्प को डगमगा दिया। धीरे-धीरे उन्होंने मोबाइल फ़ोन पर लगातार स्क्रॉल करना, टीवी धारावाहिक देखना और एनीमे पढ़ना शुरू कर दिया, जो उनके लिए आराम करने का माध्यम बन गया।
स्नातक होने के बाद, कॉफी शॉप में काम करने का दबाव उनके लिए एक बड़ी परीक्षा बन गया। वे सोचती थीं, "हर गलती मेरी ही क्यों होती है?!" काम का अत्यधिक बोझ, लगातार शिकायतें और आलोचनाएँ उन्हें बहुत निराश कर देती थीं। लेकिन जब उन्होंने अपने अंतर्मन में झाँका, तो उन्हें एहसास हुआ, "जीवन में कोई भी काम आसान नहीं होता। कठिनाइयों को सहना और जिम्मेदारियाँ उठाना क्या एक महान बात नहीं है?" युवा शिविर शुरू होने से लगभग एक सप्ताह पहले उनका दृष्टिकोण बदल गया।
चिउ ने कहा, "अपने पहले युवा शिविर में पूरी तरह दाफा के वातावरण में डूब जाना बहुत अद्भुत अनुभव था!" उन्होंने आगे कहा, "हम साथ मिलकर शिक्षाओं का अध्ययन करते हैं, अभ्यास करते हैं, सद्विचार भेजते हैं और कठिन परीक्षाओं को पार करने के अपने अनुभव साझा करते हैं। ऐसा अवसर बहुत दुर्लभ होता है।"
उन्होंने यह भी कहा, "भावनात्मक आसक्तियों पर हुई चर्चा ने मुझ पर गहरी छाप छोड़ी। टीवी धारावाहिक देखना वास्तव में वासना जैसी आसक्तियों को बढ़ावा दे सकता है। मैं निश्चित रूप से अपने फ़ोन पर धारावाहिक देखना छोड़ दूँगी और यश, लाभ तथा भावनाओं के प्रति अपनी आसक्तियों को छोड़ने का पूरा प्रयास करूँगी।"
कॉलेज की छात्रा ने साधना में महत्वपूर्ण प्रगति की
गाओ झोंगवेई ने कहा कि अहंकार को अलग रखना इस शिविर से उनका सबसे बड़ा लाभ था (Minghui.org)
यह पहली बार था जब गाओ झोंगवेई ने युवा शिविर में भाग लिया। वे जल्द ही कॉलेज के द्वितीय वर्ष के छात्र बनने वाले हैं। उन्होंने माध्यमिक विद्यालय की दूसरी कक्षा में अपने पिता से फालुन दाफा के बारे में जाना।
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि दाफा वास्तव में चमत्कारी है। हर बार जब मैं अभ्यास करता हूँ, तो मैं स्वयं को ऊर्जा से भरपूर महसूस करता हूँ, मानो मैं एक अलग ही व्यक्ति बन गया हूँ।" उन्होंने आगे कहा, "जब मैंने पहली बार ज़ुआन फालुन पढ़ी, तो मुझे लगा कि मास्टरजी ने जो कुछ कहा है, वह पूरी तरह सत्य है, और मैंने उसे पूर्ण रूप से स्वीकार कर लिया।"
जब गाओ ने हाई स्कूल से स्नातक किया, तब वे स्नातक समारोह की तैयारियों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। कुछ सहपाठियों द्वारा काम में देरी करने के कारण उनके मन में उनके प्रति शिकायतें उत्पन्न हो गईं। लेकिन फा का अध्ययन करने और अपने अंतर्मन में झाँकने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनके विचारों के पीछे स्वार्थ छिपा हुआ था।
युवा शिविर के दौरान गाओ ने भोजन की व्यवस्था करने में सहायता की और उन्हें महसूस हुआ कि यह भी उनके शिनशिंग (चरित्र) की परीक्षा थी। जब भोजन की संख्या में कुछ गड़बड़ी दिखाई दी, तो वे थोड़ा चिंतित और भयभीत हो गए।
उन्होंने कहा, "मुझे डर था कि दूसरे लोग सोचेंगे कि मुझे काम करना नहीं आता। लेकिन जैसे ही मैंने अपनी आसक्तियों को पहचान लिया, समस्या आसानी से हल हो गई। बाद में पता चला कि मैंने फ़ॉर्म में गलती से एक अतिरिक्त संख्या दर्ज कर दी थी। यह मेरे लिए एक महत्वपूर्ण सफलता का अनुभव था।"
गाओ ने कहा कि इस शिविर से उन्हें सबसे बड़ी सीख यह मिली कि उनकी मानवीय धारणाएँ उन्हें सुरक्षित रखने के साथ-साथ स्वार्थी भी बना रही थीं।
उन्होंने कहा, "मुझे निस्वार्थ बनना होगा और दूसरों के बारे में सोचना होगा। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि हम साधक हैं। हमें हमेशा अपने अंतर्मन में झाँकना चाहिए और अपने स्वार्थ को समाप्त करना चाहिए।"
यह फिर से समझना कि हम साधना क्यों करते हैं
ये यू-लिंग ने कहा कि उन्होंने फिर से यह समझा कि उन्हें साधना करने की प्रेरणा कहाँ से मिलती है (Minghui.org)
ये यू-लिंग, जो जल्द ही कॉलेज के तृतीय वर्ष में प्रवेश करने वाली हैं, एक साधना करने वाले परिवार में पली-बढ़ी हैं। एक तनावपूर्ण मित्रता से दूर जाने के लिए वे संयुक्त राज्य अमेरिका के एक विद्यालय में स्थानांतरण लेना चाहती थीं, लेकिन यह प्रक्रिया अनेक कठिनाइयों से भरी रही। बाद में उन्हें एहसास हुआ कि इन कठिनाइयों का कारण उनका प्रारंभिक उद्देश्य ही सही नहीं था।
उन्होंने साधना के दृष्टिकोण से यह भी समझा कि परिस्थितियों को स्वाभाविक रूप से विकसित होने देना सबसे अच्छा है और दूसरे व्यक्ति के व्यवहार से विचलित नहीं होना चाहिए। केवल दयालु बने रहना और बदले में किसी अपेक्षा का न रखना ही उचित है। कठिनाइयों का शांत मन से सामना करना या उन्हें सहजता से जाने देना भी करुणा का एक रूप है।
जब शिविर में सहायता करते समय ये को कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ा, तो उन्होंने उन्हें साधना के दृष्टिकोण से देखा। उन्होंने सोचा कि शायद यह उनकी अधीरता, परेशानी से बचने की प्रवृत्ति, समस्याओं के भय या ईर्ष्या जैसी आसक्तियों को दूर करने की परीक्षा है। परिणामस्वरूप सभी समस्याएँ सहज रूप से हल हो गईं।
उन्होंने कहा, "यह वास्तव में एक बहुत विशेष अनुभव था।"
युवा शिविर में भाग लेने के बारे में ये ने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा।
उन्होंने कहा, "मैंने फिर से यह खोज लिया कि मैं वास्तव में क्या चाहती हूँ, और अपने मिशन तथा लक्ष्यों के बारे में मेरी समझ पहले से अधिक स्पष्ट हो गई है। इतने सारे साथी अभ्यासियों को साधना के मार्ग पर परिश्रमपूर्वक आगे बढ़ते देखकर मुझे महसूस हुआ कि मुझे भी सभी के साथ कदम मिलाकर चलना चाहिए, फा-सुधार की प्रक्रिया के साथ आगे बढ़ना चाहिए और अपने साधना मार्ग पर अच्छी तरह चलना चाहिए। ऐसा लगता है कि मैंने साधना के प्रति अपनी प्रेरणा फिर से प्राप्त कर ली है और मेरा मन पहले से कहीं अधिक स्पष्ट हो गया है।"
अपने अंतर्मन में झाँकना याद रखना
त्साई चिह-हान (Minghui.org)
त्साई झी-हान, जिन्होंने हाल ही में कॉलेज से स्नातक किया है और स्नातकोत्तर अध्ययन की तैयारी कर रही हैं, फालुन दाफा अभ्यासियों के परिवार में जन्मी हैं। उन्होंने माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा निआओसोंग आर्ट्स स्कूल में प्राप्त की, जहाँ उन्हें दाफा का अध्ययन करने और अभ्यास करने के लिए एक स्थिर साधना वातावरण मिला। इस युवा शिविर में भाग लेने से उन्हें अपने लंबे समय से चले आ रहे भय के मूल कारण को और गहराई से समझने में सहायता मिली। उन्होंने कहा, "यह सब इसलिए था क्योंकि मैं हमेशा 'स्वयं' को सबसे पहले रखती थी।"
त्साई ने बताया कि पहले वे समूह गतिविधियों में भाग लेने से हिचकिचाती थीं, क्योंकि उन्हें लोगों से संवाद करने का डर था, यह चिंता रहती थी कि वे ठीक से बात नहीं कर पाएँगी, और अपनी प्रतिष्ठा खोने का भय भी था। उनमें आत्मविश्वास की कमी थी और वे नई चीज़ें आज़माने का साहस नहीं कर पाती थीं। उन्होंने यह भी महसूस किया कि उनमें दूसरों के प्रति भेदभाव करने और अनावश्यक चिंता करने की प्रवृत्ति थी।
जब शिविर में इन भय और आसक्तियों पर चर्चा हुई, तो उन्होंने पाया कि जैसे ही वे सामने आईं, वे स्वतः समाप्त होने लगीं। त्साई ने कहा, "युवा शिविर गहन अध्ययन के एक विशेष पाठ्यक्रम जैसा है। साथी अभ्यासियों के साथ विचारों का आदान-प्रदान करते हुए मैंने अपनी ही आसक्तियों को स्पष्ट रूप से देखा। स्वयं की उनसे तुलना करने पर मुझे समझ आया कि भविष्य में मुझे और बेहतर करना होगा।" उन्होंने आगे कहा, "हमारी करुणा का अर्थ यह नहीं होना चाहिए कि हम दूसरों से अपने प्रति अच्छा व्यवहार करने की अपेक्षा करें, बल्कि यह होना चाहिए कि हम स्वयं एक बेहतर इंसान बनें।"
हाल ही में स्नातक हुए युवाओं से लेकर विश्वविद्यालय के छात्रों तक, और पारस्परिक मतभेदों का सामना करने से लेकर अहंकार को त्यागने तक—यद्यपि उनके जीवन के अनुभव अलग-अलग थे, फिर भी साधना के बारे में उनकी समझ एक समान थी।
दो दिनों का यह युवा शिविर भले ही संक्षिप्त था, लेकिन इसने युवा प्रतिभागियों को अपने अनुभव साझा करके एक-दूसरे को प्रेरित करने और साधना के इस अमूल्य वातावरण को और अधिक संजोने का अवसर दिया। नई समझ और अटूट विश्वास के साथ उन्होंने कहा कि वे निरंतर स्वयं को बेहतर बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।
कॉपीराइट © 1999-2026 Minghui.org. सर्वाधिकार सुरक्षित।