(Minghui.org) 14 जुलाई 2026 को फालुन गोंग अभ्यासियों ने मॉन्ट्रियल स्थित चीनी वाणिज्य दूतावास के सामने एक रैली आयोजित की। उन्होंने बीजिंग से चीन में फालुन गोंग के 27 वर्षों से जारी दमन को समाप्त करने की अपील की। अभ्यासियों ने अंग्रेज़ी, चीनी और फ़्रेंच भाषाओं में लोगों को चीन में अभ्यासियों के साथ हो रहे अत्याचारों की जानकारी दी।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मानवाधिकारों पर हो रही इस गंभीर त्रासदी को समाप्त करने के लिए मिलकर कार्य करने का आवाहन किया। अनेक राहगीर रुककर उनकी बातें सुनते रहे और मानवता के विरुद्ध हो रहे इन अपराधों को समाप्त करने के समर्थन में याचिका पर हस्ताक्षर किए। एक युवा व्यक्ति ने एक अभ्यासी से कहा, "आप सही काम कर रहे हैं!"

अभ्यासियों ने 14 जुलाई, 2026 को मॉन्ट्रियल में चीनी वाणिज्य दूतावास के सामने लोगों को चीन में चल रहे उत्पीड़न के बारे में बताने के लिए एक रैली आयोजित की (Minghui.org)
अभ्यासियों ने बताया कि यह दमन झूठ और हिंसा पर आधारित है।
एक अभ्यासी ने कहा, "फालुन गोंग एक ध्यान साधना पद्धति है, जो मन और शरीर दोनों के उत्थान पर केंद्रित है। यह सत्य, करुणा और सहनशीलता के सिद्धांतों का पालन करती है तथा इसमें पाँच अभ्यास शामिल हैं, जो मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं। यह लोगों को दयालु, ईमानदार और निस्वार्थ बनना सिखाती है।"
उन्होंने आगे कहा, "लेकिन चीनी शासन के अधीन, ऐसे विश्वास रखने वाले लोगों को कैद किया गया है, प्रताड़ित किया गया है और व्यापक प्रचार के माध्यम से उनकी बदनामी की गई है। असंख्य अभ्यासी अपंग हो गए, उनकी मृत्यु हो गई, या उनकी इच्छा के विरुद्ध जीवित रहते हुए उनके अंग निकाल लिए गए। लाखों लोगों को गिरफ्तार किया गया, हिरासत में रखा गया या कारावास की सज़ा सुनाई गई।"
पिछले 27 वर्षों से फालुन गोंग अभ्यासी इस क्रूर दमन के बारे में लोगों को लगातार जागरूक करते आ रहे हैं। चीन में अधिक से अधिक लोगों ने चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीसीपी) के दुष्ट स्वभाव को पहचान लिया है, और अब तक 46 करोड़ से अधिक चीनी नागरिक पार्टी द्वारा किए गए अपराधों से स्वयं को अलग करने के लिए चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीसीपी) से अपना संबंध समाप्त कर चुके हैं। अभ्यासी आशा करते हैं कि और अधिक लोग भी सीसीपी से संबंध समाप्त कर एक बेहतर भविष्य का चुनाव करेंगे।
अभ्यासी ने अपनी माँ की रिहाई के लिए सहायता की अपील की
सुश्री कॉन्ग ने सीसीपी से अपनी माँ, सुश्री कॉन्ग लानयिंग, को रिहा करने की अपील की, जिन्हें अपने विश्वास का त्याग करने से इनकार करने के कारण पुलिस ने कैद कर रखा है।
सुश्री कॉन्ग ने बताया कि उनकी माँ गंभीर हृदय और रीढ़ की समस्याओं से पीड़ित थीं। लगातार रहने वाले दर्द के कारण एक समय उन्होंने अपना जीवन समाप्त करने तक का विचार कर लिया था। उन्होंने 1997 में फालुन गोंग का अभ्यास शुरू किया और बिना किसी चिकित्सीय उपचार के उनकी सभी बीमारियाँ समाप्त हो गईं।
दुर्भाग्यवश, लगभग 80 वर्ष की आयु में भी उन्हें केवल अपने मौलिक अधिकारों का प्रयोग करने—सार्वजनिक स्थान पर फालुन गोंग के अभ्यास करने और सरकारी विभागों को दमन के बारे में अपनी चिंता व्यक्त करते हुए पत्र लिखने—के कारण गिरफ्तार कर लिया गया। 2023 में उन्हें चार वर्ष के कारावास की सज़ा सुनाई गई, और वर्तमान में उन्हें शानदोंग प्रांतीय महिला कारागार में बंद रखा गया है।
सुश्री कॉन्ग ने फालुन गोंग की शिक्षाओं के बारे में बताया और कहा कि सीसीपी अभ्यासियों के मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन कर रही है। उन्होंने जनता से इन अत्याचारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायता करने की अपील की, ताकि इस दमन और मानवता के विरुद्ध हो रहे अपराधों को समाप्त किया जा सके।
लोगों ने उत्पीड़न को समाप्त करने के लिए एक याचिका पर हस्ताक्षर किए
कैटरिना ने चीन में उत्पीड़न को समाप्त करने के लिए एक याचिका पर हस्ताक्षर किए (Minghui.org)
सामाजिक कार्यकर्ता कैटरीना ने जब चीन में फालुन गोंग अभ्यासियों पर हो रहे दमन के बारे में जाना, तो उन्होंने सीसीपी से इस दमन को समाप्त करने की मांग वाली याचिका पर हस्ताक्षर किए।
उन्होंने कहा, "यह सुनकर कि चीन में अभ्यासियों को इस तरह के दमन का सामना करना पड़ रहा है, मुझे वास्तव में बहुत दुःख होता है।" उनका मानना है कि लोगों को इस विषय में लगातार जागरूक करना बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि "इससे बदलाव आता है।"
कैटरीना ने फालुन गोंग के मार्गदर्शक सिद्धांतों सत्य, करुणा और सहनशीलता की सराहना करते हुए कहा, "हर व्यक्ति को इन मूल्यों को अपनाना चाहिए, ईमानदार होना चाहिए, दूसरों का सम्मान करना चाहिए और लोगों के साथ दयालुता से पेश आना चाहिए। हर किसी को ऐसा करना चाहिए। स्पष्ट रूप से सीसीपी इन मूल्यों का विरोध करती है, जो बहुत दुखद है।"
एंटोन मैक्सिमोव्स्की ने उत्पीड़न को समाप्त करने के लिए अभ्यासियों के प्रयासों का समर्थन किया (Minghui.org)
एक कंटेंट निर्माण कंपनी के क्रिएटिव डायरेक्टर एंटोन मैक्सिमोव्स्की ने अभ्यासियों के बैनर पढ़ने के बाद भावुक होकर कहा,
"एक ईसाई और पूर्व सोवियत संघ के नागरिक होने के नाते, मैं अच्छी तरह जानता हूँ कि कम्युनिस्ट कितने दुष्ट होते हैं। मैं आपके कष्ट और आपकी भावनाओं को समझ सकता हूँ। मुझे आशा है कि यह दमन जल्द ही समाप्त होगा।"
उन्होंने फालुन गोंग के सिद्धांतों सत्य, करुणा और सहनशीलता से अपनी सहमति व्यक्त करते हुए कहा,"ये सिद्धांत अत्यंत आवश्यक हैं और एक अच्छा इंसान बनने के महत्वपूर्ण गुण हैं। यही हमें एक-दूसरे के साथ सौहार्दपूर्वक रहने में सक्षम बनाते हैं। हमें दमन नहीं, बल्कि स्वतंत्रता को अपनाना चाहिए।"
जब उन्हें फालुन गोंग के विरुद्ध सीसीपी द्वारा अन्य देशों तक फैलाए जा रहे दमन के बारे में बताया गया, तो उन्होंने कहा कि कनाडा सरकार को इस मुद्दे पर अधिक दृढ़ रुख अपनाना चाहिए।
उन्होंने कहा, "एक कनाडाई होने के नाते, मुझे यह देखकर निराशा होती है कि हमारी सरकार बीजिंग के साथ सहयोग कर रही है। चीन में लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है और उन पर अत्याचार किए जा रहे हैं। नैतिक दृष्टि से हमें चीन के साथ इस प्रकार का सहयोग नहीं करना चाहिए।"
क्यूबेक के चार्ल्स ने कहा कि सभी को उत्पीड़न के खिलाफ बोलना चाहिए (Minghui.org)
क्यूबेक के रहने वाले कॉलेज छात्र चार्ल्स ने बताया कि मॉन्ट्रियल में पढ़ाई के लिए आने के बाद वह अक्सर फालुन गोंग अभ्यासियों को दमन समाप्त करने के समर्थन में हस्ताक्षर एकत्र करते हुए देखते थे। शुरुआत में उन्होंने याचिका पर हस्ताक्षर नहीं किए। लेकिन जब अभ्यासियों ने बार-बार उन्हें अपने अभियान के उद्देश्य और चीन में हो रहे दमन के बारे में समझाया, तो धीरे-धीरे उन्हें इस याचिका का महत्व समझ में आया।
उन्होंने कहा, "मुझे एहसास हुआ कि वे एक अच्छा कार्य कर रहे हैं। वे दुनिया तक एक बहुत महत्वपूर्ण संदेश पहुँचा रहे हैं, ताकि लोग चीन में हो रही हिंसा के बारे में जान सकें और उसे रोकने के लिए आगे आएँ।"
चार्ल्स और उनके एक मित्र ने याचिका पर हस्ताक्षर किए। उन्होंने कहा, "इस मुद्दे पर हर व्यक्ति को अपनी आवाज़ उठानी चाहिए।"
पिछले 27 वर्षों से फालुन गोंग अभ्यासी चीन में हो रहे दमन के बारे में लोगों को लगातार जागरूक करते आ रहे हैं। अब बहुत से लोग इस स्थिति को समझने लगे हैं। अनेक आगंतुकों ने याचिका पर हस्ताक्षर किए और आशा व्यक्त की कि एक दिन यह दमन समाप्त होगा तथा लोगों की आस्था और विश्वास की स्वतंत्रता सुरक्षित रहेगी।
कॉपीराइट © 1999-2026 Minghui.org. सर्वाधिकार सुरक्षित।