(Minghui.org)
नाम: हू शांगश्यू
चीनी नाम: 胡尚秀
लिंग: महिला
आयु: 63 वर्ष
शहर: वुहान
प्रांत: हुबेई
पेशा: स्ट्रीट कमेटी की कर्मचारी
मृत्यु की तिथि: 11 जून, 2026
सबसे हाल की गिरफ्तारी: 10 जून, 2026
हाल का हिरासत स्थल: अज्ञात
हुबेई प्रांत के वुहान शहर की 63 वर्षीय सुश्री हू शांगश्यू की 11 जून, 2026 को हिरासत में मृत्यु हो गई। उन्हें फालुन गोंग का अभ्यास करने के कारण गिरफ्तार किए जाने के 24 घंटे भी पूरे नहीं हुए थे। वर्ष 1999 से चीनी कम्युनिस्ट शासन द्वारा फालुन गोंग का दमन किया जा रहा है।
सुश्री हू, जो शिनझोउ जिले के सानदियान उप-जिला कार्यालय में कार्यरत थीं, को 10 जून, 2026 को दोपहर लगभग 2 बजे उनके घर से गिरफ्तार किया गया। झूचेंग पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मी जबरन उनके घर में घुसे और पूरे घर की तलाशी ली। गिरफ्तारी के समय उनके परिवार का कोई सदस्य घर पर मौजूद नहीं था।
उन्हें पुलिस स्टेशन या हिरासत केंद्र ले जाने के बजाय पुलिस एक गुप्त स्थान पर ले गई, जहाँ उनसे पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान उन्होंने दो बार पानी पिया और दो बार शौचालय गईं। लगभग सुबह 4 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। आरोप है कि पुलिस ने न तो उन्हें पुनर्जीवित (रेससिटेट) करने का प्रयास किया और न ही अस्पताल पहुँचाया। कुछ ही समय बाद उनकी मृत्यु हो गई।
गिरफ्तारी से पहले सुश्री हू पूरी तरह स्वस्थ थीं और उन्हें कोई पूर्व-विद्यमान बीमारी नहीं थी।
उनके परिवार ने अधिकारियों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि उनकी मृत्यु के लिए वही जिम्मेदार हैं। उनका पार्थिव शरीर अभी एक शवगृह में रखा गया है, जबकि उनका परिवार न्याय प्राप्त करने के लिए कानूनी प्रयास जारी रखने का संकल्प व्यक्त कर रहा है।
पुलिस का दावा है कि उन्होंने झांगलिन वेट मार्केट में फालुन गोंग का "प्रचार" करने के आरोप में छह अन्य अभ्यासीयों को भी गिरफ्तार किया था और उनमें से एक ने कथित रूप से सुश्री हू को इस गतिविधि का "आयोजक" बताया।
हालाँकि, पुलिस ने उन अन्य अभ्यासीयों के बारे में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है, और Minghui.org भी उनकी गिरफ्तारी की स्वतंत्र पुष्टि नहीं कर सका है।
इसके अतिरिक्त, चीन में ऐसा कोई कानून नहीं है जो फालुन गोंग के अभ्यास को अपराध घोषित करता हो। इसलिए, यदि यह मान भी लिया जाए कि सुश्री हू ने अन्य लोगों के साथ मिलकर फालुन गोंग के बारे में जानकारी साझा की थी, तब भी केवल इसी आधार पर उनकी गिरफ्तारी का कोई वैधानिक आधार नहीं बनता।
कॉपीराइट © 1999-2026 Minghui.org. सर्वाधिकार सुरक्षित।