(Minghui.org) दिसंबर 2000 में मैं ग्वांगझोउ शहर की एक ट्रक परिवहन कंपनी में काम करता था। मालिक ने मेरे लिए एक नया ट्रक खरीदा और अक्सर मुझे सबसे अधिक लाभदायक डिलीवरी मार्ग सौंपता था। वह जानता था कि मैं फालुन दाफा का अभ्यास करता हूँ और उसने देखा था कि मैं मेहनती, ईमानदार और भरोसेमंद हूँ।

कुछ सहकर्मी मुझसे ईर्ष्या करने लगे, और एक पूर्व मित्र ने मुझे हटाने के उद्देश्य से पुलिस को यह सूचना दे दी कि मैं फालुन दाफा का अभ्यास करता हूँ।

अगली सुबह गाँव के सुरक्षा कर्मचारी कंपनी में आए। उन्होंने मुझे यह कहकर धोखे से अपने साथ गाँव के सुरक्षा कार्यालय चलने के लिए राज़ी कर लिया कि उन्हें मेरे किराए के कमरे की जाँच करनी है। जब हम मेरे निवास स्थान पर पहुँचे, तो उन्होंने कुछ नहीं कहा और मुझे वापस सुरक्षा कार्यालय ले गए।

इसके बाद पुलिस थाने और जिला 610 कार्यालय के अधिकारियों ने अवैध रूप से मेरे कमरे की तलाशी ली, दाफा की जानकारी से संबंधित सामग्री बरामद की, जबरन मेरी तस्वीरें लीं, और फिर मुझे पूछताछ तथा हिरासत के लिए पुलिस थाने ले गए। उन्होंने मुझे ज़मीन पर बैठने के लिए मजबूर किया।

जब 610 कार्यालय के प्रमुख ने मुझसे पूछताछ की, तो मैंने उनसे पूछा, "आप मुझे बोलने क्यों नहीं देते?" उन्होंने कोई उत्तर नहीं दिया और वहाँ से चले गए। एक पुलिस अधिकारी ने मुझसे पूछा कि क्या मैं कोई वकील रखना चाहता हूँ। मैंने उत्तर दिया, "नहीं।" मैंने मन में सोचा, "केवल मास्टरजी ही मेरी सहायता कर सकते हैं।" अगली शाम उन्होंने मुझे एक हिरासत केंद्र में स्थानांतरित कर दिया। उस समय चीनी नववर्ष आने वाला था।

मेरी कोठरी में 10 से अधिक कैदी थे, जिनमें कुछ दोषी हत्यारे भी थे, जिनके पैरों में बेड़ियाँ लगी हुई थीं। हमारी कोठरी के प्रमुख कैदी ने मुझसे पूछा कि मैं वहाँ क्यों आया हूँ।

मैंने कहा, "मैं फालुन दाफा का अभ्यास करता हूँ। हमारा अवश्य ही कोई पूर्वनियोजित संबंध है।" यह सुनकर कुछ कैदी हँसने लगे, लेकिन कोठरी के प्रमुख ने मेरे आशय को समझ लिया और उन्हें रोक दिया।

मैंने उनसे कहा, "जियांग जेमिन ने फालुन दाफा के विरुद्ध क्रूर दमन शुरू किया, और सीसीपी ने झूठ गढ़कर तथा बदनाम करके फालुन दाफा के प्रति लोगों में घृणा फैलाने की कोशिश की। हम केवल सत्य, करुणा और सहनशीलता के सिद्धांतों का पालन करते हुए अच्छे इंसान बनने का प्रयास करते हैं। वास्तव में कानून तोड़ने वाले वे सीसीपी अधिकारी हैं, जिन्होंने मुझे गिरफ्तार करके यहाँ लाया है।"

मैंने उन्हें यह सिद्धांत भी समझाया कि अच्छे कर्मों का अच्छा फल मिलता है और बुरे कर्मों का बुरा परिणाम होता है। एक कैदी ने कहा कि मैं एक अच्छा इंसान लगता हूँ और पूछा कि फिर मुझे गिरफ्तार क्यों किया गया। मैंने उत्तर दिया, "उन्होंने मुझे प्रताड़ित करने के लिए गिरफ्तार किया है। लोग अपने बुरे कर्मों का फल दो प्रकार से भुगतते हैं—कुछ इसी जीवन में और कुछ अगले जीवन में। क्या आपने बुज़ुर्गों को यह कहते नहीं सुना कि लोग अपने पिछले जन्मों के बुरे कर्मों के कारण कष्ट सहते हैं और बीमार पड़ते हैं? "मेरी बात सुनने के बाद वे मेरा सम्मान करने लगे और उन्होंने मेरा अपमान या दुर्व्यवहार नहीं किया। मैंने स्मृति से "ऑन दाफा" का पाठ किया और रात में, जब दूसरे सो जाते थे, तब अभ्यास करता था।

चीनी नववर्ष की पूर्व संध्या पर हमारी कोठरी के प्रत्येक कैदी को एक उबला हुआ अंडा दिया गया। मैंने उस अंडे को अपनी हथेलियों में पकड़कर कमल मुद्रा बनाई और मन ही मन सोचा: "मैं यह अंडा आदरणीय मास्टरजी को अर्पित करता हूँ और उन्हें नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ!"

अगली सुबह, सभी प्रमुख मीडिया संस्थानों ने आक्रमक रूप से तियानमेन स्क़्वेअर आत्मदाह घटना का प्रचार किया, जिसे जियांग जेमिन के शासन द्वारा फालुन दाफा के प्रति घृणा भड़काने के लिए गढ़ा गया था।

मैंने कैदियों से कहा, "मैं पहले सेना में सेवा कर चुका हूँ और एक रेलवे स्टेशन पर पहरा दे चुका हूँ। वहाँ यात्रियों के लिए आग लगाना असंभव होता है। फिर तियानमेन स्क़्वेअर जैसी जगह पर इतने सारे लोग स्वयं को आग कैसे लगा सकते थे? और इसके अलावा, अभ्यासियों को हत्या करने या आत्महत्या करने की अनुमति नहीं है।"

हिरासत केंद्र में बंदियों को जबरन कठिन श्रम कराया जाता था। हमें नियोन लाइटें बनानी पड़ती थीं। हर व्यक्ति को तारों के बंडल दिए जाते थे, और यदि काम पूरा नहीं होता था, तो हमें सोने की अनुमति नहीं मिलती थी। यदि कोई सावधान न रहे, तो तेज़ तार आसानी से हाथ काट सकते थे।

शुरुआत में यह काम करने से मेरी दोनों भुजाओं में बहुत दर्द होने लगा। रात को जब अन्य लोग सो जाते थे, तो मैं फालुन दाफा का एक अभ्यास करता था, और मेरी भुजाओं का दर्द तुरंत गायब हो जाता था।

पहली बार जब 610 कार्यालय के कर्मचारियों ने मुझसे पूछताछ की, तो उन्होंने पूछा, "क्या तुमने टीवी और अखबारों में यह खबर देखी है कि फालुन दाफा अभ्यासियों ने तियानमेन स्क़्वेअर में खुद को आग लगा ली?" मैंने उत्तर दिया, "वह सब मनगढ़ंत था।" फिर मैंने उन्हें रेलवे स्टेशन पर पहरेदारी के अपने अनुभव के बारे में बताया और समझाया कि लोगों के लिए आग लगाना असंभव होता है, विशेषकर तियानमेन स्क़्वेअर जैसे स्थान पर, जहाँ छुट्टियों के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होती है।

वे कुछ देर चुप रहे, फिर उनमें से एक ने पूछा, "तुम्हारी सामग्री कहाँ से आई?" मैंने मन ही मन सोचा, "यदि तुम मुझे पीट-पीटकर मार भी डालो, तब भी मैं तुम्हें कभी नहीं बताऊँगा।" वे आगे बोले, "फालुन दाफा का अभ्यास करने से तुम्हारे बच्चे के भविष्य पर असर पड़ेगा।" मैंने सोचा, "मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है। मैं एक अच्छा इंसान बनने के लिए फालुन दाफा का अभ्यास करता हूँ। भविष्य में मेरे वंशज मुझ पर गर्व करेंगे।"

जब मेरा ध्यान नहीं था, तब 610 कार्यालय के एक अधिकारी ने मेरी छाती पर ज़ोर से लात मारी। मैंने अपने पैरों से कंक्रीट के स्टूल को कसकर पकड़ लिया और वह मुझे हिला भी नहीं पाया।

फिर उसने आदेश दिया कि मैं सीधे उसकी आँखों में देखूँ। जब मैंने उसकी ओर देखा, तो उसने अचानक कहा, "तुम्हारी आँखों से आग निकल रही है!" यह कहते ही वह तुरंत मुड़ा और जल्दी से कमरे से बाहर निकल गया। जो अधिकारी बयान लिख रहा था, उसने मुझसे कहा, "हमने कुछ भी बुरा नहीं लिखा है—केवल यह लिखा है कि तुम फालुन दाफा का अभ्यास करते हो।" उसने मुझे रिकॉर्ड दिखाया और फिर वापस कोठरी में भेज दिया।

कोठरी के प्रमुख कैदी ने मुझसे पूछा कि क्या मुझे पीटा गया था। मैंने उत्तर दिया, "उसने मुझे एक बार लात मारी और यह बताने की माँग की कि सामग्री कहाँ से आई। लेकिन यदि वे मुझे मार भी डालें, तब भी मैं उन्हें कभी नहीं बताऊँगा।" यह सुनकर उन्होंने प्रशंसा में मुझे अंगूठा दिखाया। कुछ दिनों बाद मुझसे दूसरी बार पूछताछ की गई। वे मुझे पूछताछ कक्ष में ले गए और एक कंक्रीट के स्टूल पर बैठा दिया।

610 कार्यालय का एक अधिकारी मुझे घूरने लगा, और मैं भी उसकी ओर देखने लगा। अचानक उसने पूछा, "क्या तुम विश्वास करते हो कि अच्छे कर्मों का अच्छा फल और बुरे कर्मों का बुरा फल मिलता है?" मैंने बिना किसी हिचकिचाहट के उत्तर दिया, "हाँ, मैं इस पर पूरी तरह विश्वास करता हूँ।" फिर उसने कहा, "मैं तुम्हें कल रिहा कर दूँगा।" यह कहने के बाद वे चले गए, और एक अधिकारी मुझे वापस कोठरी में ले गया।

मैंने कोठरी में बंद अन्य कैदियों से कहा, "मैं कल यहाँ से जा रहा हूँ।" वे यह सुनकर बहुत खुश हुए। उस शाम उन्होंने मेरे लिए विदाई-समारोह आयोजित किया, और सभी को कोका-कोला की एक छोटी बोतल मिली। मैं मास्टरजी के करुणामय उद्धार के लिए अत्यंत कृतज्ञ था।

अगली दोपहर स्थानीय पुलिस मुझे हिरासत केंद्र से बाहर ले गई और रास्ते में उतार दिया। मैं नंगे पैर ही एक मोटरसाइकिल टैक्सी लेकर एक अभ्यासी के घर पहुँचा। मैंने अपने गृहनगर में अपने माता-पिता और पत्नी को फ़ोन करके बताया कि मैं सुरक्षित हूँ। मैंने उनसे कहा, "मास्टरजी की सुरक्षा के कारण मैं सुरक्षित बाहर आ गया हूँ। कृपया चिंता मत कीजिए।"

हालाँकि मुझे हिरासत से रिहा कर दिया गया था, लेकिन 610 कार्यालय ने गाँव की समिति को सूचित किया और सभी गाँव समूहों को नोटिस लगाने का आदेश दिया कि मैं फालुन दाफा का अभ्यास करता हूँ और कोई भी मुझे रहने के लिए मकान किराए पर न दे, अन्यथा उसे दंडित किया जाएगा।

इतने शत्रुतापूर्ण वातावरण में भी, मास्टरजी की सुरक्षा के अंतर्गत मैं रहने के लिए स्थान किराए पर लेने में सफल रहा और मुझे वाहन चलाने का काम भी मिल गया।

मैंने कई बार अपना निवास बदला, फिर भी पुलिस मुझे ढूँढती रही। एक बार मेरी मुलाकात उसी अधिकारी से हो गई जिसने हिरासत केंद्र में मुझे लात मारी थी। उसने लगभग 30 फीट की दूरी से मुझे देखा। मैंने उसकी ओर मुस्कुराकर देखा, और वह तुरंत मुड़ा और जल्दी से पुलिस शाखा कार्यालय में चला गया।

जब-जब पुलिस ने मुझे ढूँढने की कोशिश की, मास्टरजी ने मेरी रक्षा की और वे हर बार असफल रहे। हर खतरनाक स्थिति सुरक्षित रूप से टल गई।

1997 में जब से मुझे फालुन दाफा का अभ्यास शुरू करने का सौभाग्य मिला, तब से मास्टरजी मेरी साधना के पूरे मार्ग में हमेशा मेरी देखभाल करते रहे हैं और मेरी रक्षा करते रहे हैं—चाहे मैं फ़ा का अध्ययन कर रहा हूँ, फ़ा की पुष्टि कर रहा हूँ, या लोगों को सच्चाई बता रहा हूँ। जब भी मैं किसी खतरे का सामना करता था, मैं हमेशा मास्टरजी की सुरक्षा में सुरक्षित रहा। मेरा पूरा परिवार मास्टरजी के प्रति अत्यंत कृतज्ञ है और मेरी साधना का समर्थन करता है। मेरे पिता और मेरी पत्नी ने भी दाफा का अभ्यास शुरू कर दिया है।

मैं अपने जीवन को बदलने के लिए मास्टरजी का हृदय से धन्यवाद करता हूँ। अब से मैं तीनों कार्य और भी बेहतर ढंग से करूँगा।