(Minghui.org) फालुन दाफा का अभ्यास करने के लिए मुझे कई वर्षों तक कैद किया गया। रिहा होने के बाद, मुझे फा का अध्ययन करने, सद्विचारों को भेजने और अंतर्मन की ओर देखने पर ध्यान केंद्रित करने में दो महीने लगे। फिर मैंने घर पर सत्य स्पष्टीकरण सामग्री बनाना शुरू कर दिया, और उन्हें आस-पास के क्षेत्रों में वितरित किया। लगभग एक साल तक चीजें सुचारू रूप से चलती रहीं।

पिछले नवंबर की शुरुआत में, स्थानीय चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीसीपी) के अधिकारियों ने कहा है कि मुझे निगरानी कैमरों पर देखा गया है, और उनके पास सामग्री वितरित करने के लिए मुझे गिरफ्तार करने के लिए पर्याप्त सबूत थे। इस बीच, मेरा बेटा भी मुझे कठिन समय दे रहा था।

फिर भी मैं विचलित नहीं हुई और अपने अंतर्मन की ओर देखने लगी। मुझे पता चला कि जब मैं अपने पोते को फ़ा का अध्ययन करने के लिए कह रही थी, तब मेरा रवैया ज़बरदस्ती करने वाला और अधीर था, यहाँ तक कि मैं अपना आपा भी खो बैठी थी। मैंने सोचा, “यही वह कमी होगी जिसका लाभ उठाकर बुराई मुझे परेशान कर रही है।” इसलिए मैंने स्वयं को सुधारने का प्रयास किया। साथ ही, मैंने परिवार के उन सदस्यों से, जो अभ्यासी  भी थे, मेरे लिए सद्विचार भेजने को कहा।

मेरे लिए यह बिल्कुल स्पष्ट है कि एक दाफा अभ्यासी  के रूप में मेरा मिशन मास्टरजी की अधिक लोगों को बचाने में सहायता करना है। मैं पुरानी शक्तियों को मुझे प्रताड़ित करने और अधिक संवेदनशील जीवों के उद्धार के अवसर को नष्ट करने की अनुमति नहीं दूँगी।

मास्टरजी ने मुझे एक संकेत दिया कि मैं अपनी इलेक्ट्रिक साइकिल की नंबर प्लेट हटा दूँ। मैंने ऐसा ही किया और फिर सामग्री वितरित करना जारी रखा। उसके बाद अगले तीन महीनों तक सब कुछ सुचारु रूप से चलता रहा। लेकिन नववर्ष के बाद और वसंत ऋतु में सीसीपी के “दो सत्रों” के आयोजित होने से पहले, घरेलू सुरक्षा प्रभाग के एजेंट दो बार मेरे घर आए और कई बार मेरे पति को फ़ोन किया।

उन्होंने दावा किया कि वे लंबे समय से मेरी निगरानी कर रहे थे और उन्हें पता था कि मैं सामग्री वितरित कर रही हूँ। उन्होंने मेरे पति से कहा कि वे मेरी गतिविधियों पर नियंत्रण रखें। इससे मेरे परिवार पर बहुत भारी दबाव पड़ गया, क्योंकि उन्हें डर था कि मुझे फिर से गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस उत्पीड़न ने वास्तव में मेरे परिवार और रिश्तेदारों को गहरी चोट पहुँचाई। इससे भी अधिक गंभीर बात यह थी कि इसके कारण उनके मन में दाफा के प्रति नकारात्मक धारणाएँ उत्पन्न होने लगीं। मुझे जेल भेजे जाने से पहले वे मेरे अभ्यास का समर्थन करते थे और कभी-कभी सत्य स्पष्ट करने में मेरी सहायता भी करते थे। मैं नहीं चाहती थी कि ये बहुमूल्य जीवन इस उत्पीड़न के और अधिक दुष्परिणाम झेलें।

एक वर्ष से भी अधिक समय तक मैंने हर पहलू में परिश्रम किया और एक दाफा शिष्या के रूप में अपने धर्मनिष्ठ आचरण के माध्यम से उन पर सूक्ष्म रूप से सकारात्मक प्रभाव डाला। उनके मेरे प्रति दृष्टिकोण में कुछ अनुकूल परिवर्तन भी दिखाई देने लगे थे। लेकिन जब यह अचानक और भयावह दबाव सामने आया, तो परिवार का वातावरण तनावपूर्ण और घुटनभरा हो गया।

मेरे पति और पुत्र पूरे दिन उदास और चिंतित दिखाई देते थे। और मैं स्वयं भी अपने ऊपर एक अत्यधिक दबाव महसूस कर रही थी। परिवार के लोगों ने चर्चा की कि “दो सत्रों” के समाप्त होने के बाद घरेलू सुरक्षा प्रभाग के एक अधिकारी को भोजन पर आमंत्रित किया जाए, ताकि “मामले को शांत किया जा सके” और स्थिति को संभाला जा सके।

अगले दो सप्ताहों तक मैंने फ़ा का अध्ययन किया, सद्विचार भेजे और अपने अंतर्मन की ओर देखा। लेकिन मैंने अपने पति और पुत्र को इस मामले को अपने व्यक्तिगत संबंधों के माध्यम से सुलझाने के प्रयास से रोकने की कोशिश नहीं की। वास्तव में, मैं अनजाने में ही इसे मौन स्वीकृति दे रही थी।

जब मेरे पति एक अधिकारी को भोजन पर आमंत्रित करके लौटे, तो उनका चेहरा पहले से भी अधिक उदास था। घरेलू सुरक्षा विभाग के किसी व्यक्ति ने कहा था कि उन्होंने मेरा मामला अपने उच्च अधिकारियों को भेज दिया है, इसलिए अब यह उनके नियंत्रण में नहीं है। उसने सुझाव दिया कि हमारा परिवार ऊपर के स्तर पर कुछ संबंध खोजने का प्रयास करे। परिणामस्वरूप, मेरे पति और पुत्र ने तय किया कि वे किसी तरह धन के माध्यम से इस मामले को सुलझाने की कोशिश करेंगे।

मैंने अंतर्मन की ओर देखना और सद्विचार भेजना जारी रखा । मैं जानती थी कि मुझे पुरानी शक्तियों के उत्पीड़न को स्वीकार नहीं करना चाहिए। मैं यह भी जानती थी कि एक दाफा अभ्यासी  के रूप में मेरा मिशन लोगों को बचाना है। सत्य- स्पष्टीकरण सामग्री वितरित करना एक दाफा अभ्यासी की जिम्मेदारी है, और इसे बुराई द्वारा मेरा उत्पीड़न करने का बहाना नहीं बनाया जाना चाहिए।

मैंने अपने परिवार के अभ्यासियों और फ़ा-अध्ययन समूह के अभ्यासियों से मेरे लिए सद्विचार भेजने का अनुरोध किया। मेरी माँ, जो स्वयं भी एक अभ्यासी है, ने सुझाव दिया कि मैं कुछ दिनों के लिए घर छोड़ दूँ, लेकिन मैंने ऐसा न करने का निर्णय लिया। इस संसार की बहुत-सी चीज़ों को मैं छोड़ सकती थी, लेकिन मेरा परिवार मेरे लिए साधना करने और फ़ा की पुष्टि करने का एक महत्वपूर्ण वातावरण है। मुझे इस वातावरण को नहीं खोना चाहिए और न ही हमारे परिवार की सामान्य दिनचर्या को बाधित होने देना चाहिए।

मैंने सोचा, “मेरा परिवार बहुत अच्छा है, और मैं पहले ही आरामदायक जीवन की चाह के अपने लगाव को छोड़ चुकी हूँ। लेकिन मैं बुराई को अपने परिवार को नष्ट करने की अनुमति नहीं दूँगी। मुझे उन्हें दाफा की सुंदरता दिखानी है। मेरे दोनों पोते दाफा के लिए यहाँ आए हैं, और वे ज़ुआन फालुन तीन बार पढ़ चुके हैं। वे युवा दाफा अभ्यासी  हैं, और उनकी सहायता करने के लिए मुझे यहीं रहना चाहिए। घरेलू सुरक्षा विभाग के वे अधिकारी भी ऐसे जीवन हैं जो उद्धार की प्रतीक्षा कर रहे हैं। मैं बुराई को किसी दाफा अभ्यासी  का उत्पीड़न करने और अधिक जीवनों को नष्ट करने की अनुमति नहीं दूँगी!”

कुछ समय पहले मेरी सबसे छोटी बहन, जो स्वयं भी एक अभ्यासी  है, क्रमिक ज्ञानोदय की अवस्था में प्रवेश कर गई थी। उसने कहा कि मेरे भीतर अभी भी अनेक आसक्तियाँ हैं जो मेरी साधना में बाधा बन रही हैं। यदि मैं उन्हें छोड़ दूँ और उन अधिकारियों के प्रति महान, परोपकारी करुणा उत्पन्न करूँ, तो यह संकट एक अच्छी बात में बदल सकता है।

यद्यपि मेरे मन में उन अधिकारियों के प्रति कोई घृणा या रोष नहीं था, फिर भी मैं यह नहीं कह सकती कि मेरे सभी कार्य पूरी तरह करुणा से प्रेरित थे। मैंने मास्टरजी से एक संकेत माँगा, “मैंने कहाँ गलती की? कौन-सी आसक्तियाँ मुझे रोक रही हैं? मैं अपना हृदय पूरी तरह क्यों नहीं खोल पा रही हूँ? मेरी साधना में हमेशा थोड़ी-सी कमी क्यों रह जाती है? मास्टरजी, मुझे स्वयं को अच्छी तरह साधना करना है। मैं यहाँ लोगों को बचाने के लिए आई हूँ, उन्हें उद्धार से वंचित करने के लिए नहीं!”

उस शाम, एक अभ्यासी , जिन्हें मैं “बड़ी बहन” कहती थी और जिनके साथ मैं एक परियोजना पर काम करती थी, मुझसे मिलने आईं। उन्होंने स्नेहपूर्वक मेरी आसक्ति की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने समझाया, “यह केवल साधारण लोगों पर निर्भर रहने की समस्या नहीं है। इस विषय में तुमने वास्तव में फ़ा के सिद्धांतों को नहीं समझा है।”

मैं तुरंत समझ गई कि मास्टरजी ने उन्हें मेरी कमी दिखाने के लिए भेजा है। जेल से रिहा होने के बाद से मैं लगातार अपने भीतर की कमियों को खोजने का प्रयास कर रही थी। मैंने अनेक आसक्तियाँ पहचानी थीं, जैसे वासना, आलस्य, अहंकार, और फ़ा के गहरे अर्थों को हमेशा न समझ पाना। लेकिन मैंने कभी भी साधारण लोगों पर निर्भर रहने की समस्या पर ध्यान नहीं दिया था।

रिश्वतखोरी आज के पतित समाज की एक भ्रष्ट प्रथा है। एक दाफा अभ्यासी का उद्देश्य फ़ा की पुष्टि करना है। फिर मैं ऐसी भ्रष्ट प्रथा को कैसे स्वीकार कर सकती थी?

यदि मैं इस परीक्षा को रिश्वत देकर पार कर लेती, तो क्या मैं सही मार्ग पर चल रही होती? क्या इसके परिणामस्वरूप पुरानी शक्तियाँ मेरे लिए और अधिक कठिनाइयाँ उत्पन्न नहीं करतीं? क्या यही वह उदाहरण था जिसे मैं भविष्य के लिए छोड़ना चाहती थी? जब कठिनाइयाँ आती हैं, यदि मैं उनका सामना साधारण लोगों के तरीकों से करती हूँ, तो क्या यह वैसा ही नहीं होता जैसे रोग-कर्म का सामना करते समय इंजेक्शन लगवाना या दवा लेना?

अतीत में मैं बार-बार ऐसी परीक्षाओं में असफल होती रही थी। परिणामस्वरूप वे छोटी-छोटी कमियाँ जमा होकर एक बड़ी बाधा बन गईं, जिसे मैं पार नहीं कर सकी। संभवतः यही उन मुख्य कारणों में से एक था जिनके कारण मुझे कई वर्षों तक कारावास सहना पड़ा। यह समझ आने के बाद ही मैं वास्तव में पूरी स्थिति को स्पष्ट रूप से देख पाई।

“बड़ी बहन” भी कई बार उत्पीड़न का सामना कर चुकी थीं। लेकिन हर बार वे सद्विचारों और मास्टरजी की संरक्षण शक्ति के सहारे उस परीक्षा से सफलतापूर्वक निकल गईं। केवल इसी प्रकार दैवीय शक्तियाँ सहायता कर सकती हैं।

यहाँ तक कि मेरे पति, जो स्वयं अभ्यासी नहीं थे, भी कई बार मुझसे पूछते थे, “इतने वर्षों में बड़ी बहन के साथ कभी कुछ क्यों नहीं हुआ? मुसीबत में हमेशा केवल तुम ही क्यों फँस जाती हो?”

मुझे समझ में आया कि मास्टरजी मेरे पति के मुख से मुझे संकेत दे रहे थे, लेकिन उस समय मैं उसे समझ नहीं पाई थी। यह बीस वर्षों से अधिक समय तक चले उत्पीड़न के दौरान विकसित हुई मेरी सबसे बड़ी कमी थी।

इसलिए मैंने मास्टरजी से कहा, “मास्टरजी, आज से मुझे पूरी तरह और धर्मनिष्ठ ढंग से फ़ा के मानकों पर खरा उतरना है और इन भ्रष्ट तथा विकृत धारणाओं को जड़ से समाप्त करना है!” जब मैं इन भ्रष्ट और विकृत धारणाओं को छोड़ दूँगी, तब मैं फ़ा के अनुरूप हो जाऊँगी। फिर साधारण लोग किसी धर्मनिष्ठ दाफा अभ्यासी का उत्पीड़न कैसे कर सकते हैं?

मेरा हृदय खुल गया और मुझे महसूस हुआ कि मेरी करुणा उभर आई है। घरेलू सुरक्षा विभाग के वे अधिकारी बुराई के नियंत्रण और छल के अधीन थे। वे मेरी उसी कमी का लाभ उठाकर मेरा उत्पीड़न करना चाहते थे। यदि मैं स्वयं को अच्छी तरह साधना नहीं करती, तो वे अपराध करते रहते और अंततः स्वयं विनाश का सामना करते।

मैंने अपने विचार अपने पति के साथ साझा किए और उनसे अनुरोध किया कि वे इस मामले को सुलझाने के लिए साधारण लोगों के तरीकों का उपयोग न करें। उन्होंने सहमति व्यक्त की। मेरे पति वास्तव में एक असाधारण व्यक्ति हैं। वास्तव में, मेरी अपनी कुछ आसक्तियों के कारण, जिन्हें मैं पहले पहचान नहीं पाई थी, ये संवेदनशील जिव भी उत्पीड़न का शिकार हो रहे थे।

दो दिन बाद मुझे एक स्वप्न आया। बड़ी बहन और मैं एक कमरे में गईं, जहाँ पाइपों में रिसाव होने के कारण पानी तेज़ी से बह रहा था। मैंने उनसे पूछा कि क्या इसे बंद करने के लिए कोई वाल्व है। उन्होंने एक पाइप को कुछ बार घुमाया, और पानी का तेज़ बहाव घटकर केवल एक पतली धारा में बदल गया। फिर मैंने स्वयं को उनसे कहते हुए सुना, “इसे पूरी तरह मत कसिए, कृपया थोड़ा-सा पानी बहने दीजिए ताकि मैं स्नान कर सकूँ।”

जागने के बाद मैंने सोचा, “मास्टरजी मुझे बता रहे थे कि बड़ी कमी को तो बंद कर दिया गया है, लेकिन मैं अभी भी थोड़ा-सा हिस्सा क्यों छोड़ रही हूँ?” इसके बाद आगे की उन्नति के लिए आवश्यक में में “बुद्ध-स्वभाव में कोई चूक न होना”लेख पढ़ा। तब मुझे समझ में आया कि मास्टरजी मुझे सही मार्ग पर चलने का मार्गदर्शन दे रहे थे।

कुछ दिन पहले मैंने मिंगहुई का एक लेख पढ़ा, जिसमें पुण्य और सद्गुण अर्जित करने की चाह को समाप्त करने के बारे में चर्चा की गई थी। तब मुझे एहसास हुआ कि सत्य स्पष्ट करते समय और सामग्री वितरित करते समय मेरे भीतर भी ऐसा हृदय मौजूद था। मैं अक्सर गिनती करती थी कि मैंने कितने लोगों से बात की और कितनी प्रतियाँ सामग्री की बाँटीं। यदि संख्या कम होती, तो मैं निराश हो जाती। और यदि संख्या अधिक होती, तो मेरे भीतर उत्साह-प्रदर्शन (उत्साह में बह जाना) और दिखावा करने की आसक्ति उत्पन्न हो जाती।

मुझे यह भी समझ में आया कि लोगों को बचाना किसी संख्या या उपलब्धि का विषय नहीं है। यदि कोई कार्य केवल पुण्य अर्जित करने, उपलब्धि दिखाने या स्वयं को संतुष्ट करने की मानसिकता से किया जाए, तो उसमें शुद्ध करुणा का अभाव रहता है। एक अभ्यासी  के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वह निस्वार्थ भाव से, लोगों के कल्याण और उद्धार को ध्यान में रखते हुए कार्य करे, न कि इस बात पर ध्यान दे कि उसने कितना किया या उससे क्या प्राप्त हुआ।

तब मैंने महसूस किया कि यह भी एक सूक्ष्म आसक्ति थी जिसे मुझे पहचानकर छोड़ना था, ताकि मैं और अधिक शुद्ध मन से लोगों की सहायता कर सकूँ और फ़ा के अनुरूप चल सकूँ।

मुझे एहसास हुआ कि मेरे हृदय में अभी भी स्वार्थ मौजूद था और मैं पूरी तरह से दूसरों के बारे में नहीं सोच रही थी। मैं अक्सर सोचती थी, “मुझे लोगों को बचाना है। मुझे अपना मिशन पूरा करना है।” एक स्तर पर ये विचार मेरे परिश्रमी प्रयासों के पीछे प्रेरक शक्ति थे। लेकिन जब मैंने इसे एक उच्चतर स्तर से देखा, तो पाया कि उनमें भी स्वार्थ का तत्व मौजूद था।

मैंने मास्टरजी से पूछा, “मास्टरजी, मुझे किस प्रकार की मानसिक अवस्था प्राप्त करनी चाहिए?”

फ़ा का अध्ययन करते समय अचानक मेरे मन में एक उत्तर कौंधा:

“सब कुछ संवेदनशील जीवों के उद्धार के लिए है!”

तब मुझे समझ में आ गया। हमें “स्व” को पूरी तरह छोड़ देना चाहिए, क्योंकि हम जो कुछ भी करते हैं, वह सब संवेदनशील जीवों के उद्धार के लिए है।

दयालु और करुणामय मास्टरजी, आपकी संरक्षण और मार्गदर्शक संकेतों के लिए धन्यवाद!

साथी अभ्यासियों, आपकी निष्कपट सहायता और सच्चे समर्थन के लिए भी धन्यवाद!