(Minghui.org) एनटीडी टीवी ने एक नई वृत्तचित्रिका "अनब्रोकन: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ शेन युन " का विमोचन किया और 24 मार्च, 2026 की शाम को मैनहट्टन, न्यूयॉर्क में इसका रेड कार्पेट प्रीमियर आयोजित किया। यह शेन युन परफॉर्मिंग आर्ट्स की स्थापना की 20वीं वर्षगांठ के साथ-साथ समूह की न्यूयॉर्क के लिंकन सेंटर में 18 शो के लिए वापसी का प्रतीक था।

इस फिल्म को बनाने में एक साल का समय लगा और यह दुनिया की शीर्ष चीनी शास्त्रीय नृत्य मंडली की कहानी बयां करती है। इसका प्रीमियर एएमसी लिंकन स्क्वेअर में हुआ, जिसमें न्यूयॉर्क नगर परिषद के सदस्यों, मशहूर हस्तियों और शेन युन के कलाकारों सहित सौ से अधिक विशिष्ट अतिथियों ने शिरकत की। इस वृत्तचित्र को विश्व स्तर पर ऑनलाइन भी लॉन्च किया गया।

शेन युन थिएटर के कलाकारों ने शेन युन के कला निर्देशक श्री डीएफ द्वारा डिजाइन किए गए गाउन पहने थे, जो चीन के प्राचीन राजवंशों से प्रेरित थे। प्रीमियर से पहले रेड कार्पेट स्वागत समारोह में अपनी उपस्थिति से कलाकारों ने कार्यक्रम में पारंपरिक संस्कृति का स्पर्श जोड़ा। थिएटर में कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे और हॉल खचाखच भरा हुआ था। स्क्रीनिंग समाप्त होने पर दर्शकों ने उत्साहपूर्वक तालियाँ बजाईं।

वृत्तचित्र “अनब्रोकन: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ शेन युन” का प्रीमियर 24 मार्च, 2026 को मैनहट्टन के एएमसी लिंकन सेंटर में आयोजित किया गया। प्रीमियर से पहले शेन युन की सात नर्तकियों ने रेड कार्पेट पर चीन के प्राचीन राजवंशों से प्रेरित गाउन पहनकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई (स्क्रीनशॉट शेन युन ज़ुओपिन के सौजन्य से)

शेन युन के नर्तकों ने 24 मार्च को न्यूयॉर्क में वृत्तचित्र " अनब्रोकन: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ शेन युन" के प्रीमियर में भाग लिया (स्क्रीनशॉट सौजन्य: द इपोक टाइम्स)

अनब्रोकन: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ शेन युन के विश्व प्रीमियर के बाद एक पैनल चर्चा का आयोजन किया गया । फिल्म के निर्माताओं और शेन युन के कलाकारों ने दर्शकों के सवालों के जवाब दिए

डॉक्यूमेंट्री के कार्यकारी निर्माता और पैनल चर्चा के संचालक स्टीवन लांस ने कहा कि यह फिल्म अब तक शेन युन के कलाकारों को करीब से जानने का "पर्दे के पीछे की पहली, गहरी झलक" पेश करती है और उन्हें काफी गहराई से जानने का अवसर प्रदान करती है। कई उपस्थित लोगों ने कहा कि डॉक्यूमेंट्री दिल को छू लेने वाली और बेहद भावुक कर देने वाली थी।

स्टीवन लांस, डॉक्यूमेंट्री के कार्यकारी निर्माता, अनब्रोकन: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ शेन युन के विश्व प्रीमियर में उपस्थित थे 

यह फिल्म लांस की जांच पड़ताल को दर्शाती है और दर्शकों को लेवी ब्राउडे के परिवार की कहानी के माध्यम से मंच के पीछे की उनकी यात्रा का अनुसरण करने का अवसर देती है। यह शेन युन कलाकारों के जीवन और मंच से परे की उनकी यात्राओं की कहानी बयां करती है।

ब्राउडे के दो बेटों, जेसी और लुकास ब्राउडे, जो शेन युन के प्रमुख नर्तक हैं, और अन्य कलाकारों के नज़रिए से, दर्शक देखते हैं कि शेन युन के कलाकार अपनी कला को कैसे निखारते हैं और अपने जीवन और करियर में आने वाली चुनौतियों का सामना कैसे करते हैं। विशेष रूप से चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीसीपी) के गुप्त हेर द्वारा किए गए विदेशी हमलों और धमकियों के बावजूद, वे किस प्रकार दृढ़ता से आगे बढ़ते हैं। यह फिल्म शेन युन के कलाकारों की असाधारण यात्रा को दर्शाती है।

फिल्म निर्देशक: मैं कलाकारों की ताकत और साहस की प्रशंसा करता हूँ

फिल्म की निर्देशक फियोना यंग ने कहा, “ये कलाकार सीसीपी की ओर से भारी दबाव झेलते हैं, जिसमें बम की धमकियां, मीडिया हमले और दुनिया भर के दौरों के दौरान होने वाले विवाद शामिल हैं। प्रदर्शन करते समय उन्हें कितना दबाव झेलना पड़ता होगा?” उन्होंने कहानी में इसी दृष्टिकोण का इस्तेमाल किया, “दो दशकों से शेन युन परफॉर्मिंग आर्ट्स उत्कृष्ट कलाओं के माध्यम से सच्चाई और पारंपरिक संस्कृति का प्रसार कर रहा है। यह सिर्फ नृत्य और कला के बारे में नहीं है, बल्कि यह सीसीपी के अंतरराष्ट्रीय दमन के बारे में भी बात करता है। मुझे उम्मीद है कि यह फिल्म स्वतंत्रता से प्रेम करने वाले सभी अमेरिकियों के लिए एक चेतावनी होगी।”

जो लोग शेन युन से परिचित नहीं हैं, उनके लिए यंग ने कहा, "यह लचीलेपन की कहानी है। जब आपके चारों ओर बहुत सारी बाधाएं, शोरगुल और आपको दबाने के प्रयास हों, तो कोई व्यक्ति दृढ़ भावना को कैसे बनाए रख सकता है और कला को आगे बढ़ाते हुए दुनिया को अपनी कहानी सुना सकता है।"

यंग ने बताया कि जब उन्होंने शेन युन के कई कलाकारों का इंटरव्यू लिया, तो उन्हें उनमें एक अदम्य और विशेष गुण दिखाई दिया, “वे बेहद ईमानदार और दृढ़ निश्चयी हैं। यह उनके हुनर में झलकता है। उनके नृत्य में मुझे उनकी दृढ़ता और उसके पीछे का साहस साफ महसूस होता है।” उन्होंने एक ऐसी बात का भी जिक्र किया जिसने उन्हें आश्चर्यचकित कर दिया। दो मुख्य किरदार – भाई जेसी और लुकास – नृत्य और जीवन में इतना अच्छा संतुलन बनाए रखने में सक्षम थे। उन्होंने कहा, “उन्होंने कठिनाइयों का सामना किया, मेहनत की, मंच पर अपने शरीर को दृढ़ता से नियंत्रित किया, और साथ ही साथ वे अपने वर्तमान जीवन को संजोते और उसका आनंद लेते हैं।”

लेवी ब्राउडे: विपरीत परिस्थितियाँ हमें और भी मजबूत बनाती हैं

फिल्म के मुख्य रचनाकारों में से एक लेवी ब्राउडे प्रीमियर में उपस्थित थे

यह फिल्म शेन युन के दो युवा कलाकारों, लेवी ब्राउडे के बेटों की कहानी बयां करती है, और बताती है कि कैसे वे और उनका परिवार कठिनाइयों का सामना करते हैं और चुनौतियों पर विजय प्राप्त करते हैं। कई लोग इस कहानी से भावुक हो गए। ब्राउडे, जो इस फिल्म के मुख्य रचनाकारों में से एक हैं और फालुन दाफा सूचना केंद्र के निदेशक भी हैं, पिछले 26 वर्षों से पश्चिमी समाज में फालुन गोंग (फालुन दाफा) पर चीनी सरकार द्वारा किए जा रहे क्रूर उत्पीड़न को उजागर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे ऐसा इसलिए कर पा रहे हैं क्योंकि वे जानते हैं कि यह सही काम है, “मुझे हमेशा से सही और गलत का स्पष्ट ज्ञान रहा है। मैंने इस पर कभी अपना रुख नहीं बदला। इसलिए सबसे महत्वपूर्ण बात है दृढ़ रहना, इस पर स्पष्ट रहना और यह जानते हुए आगे बढ़ते रहना कि मैं सही रास्ते पर चल रहा हूं।”

उन्होंने यह भी बताया कि जब उनके परिवार को हमलों और धमकियों का सामना करना पड़ा, तो इससे काफी दबाव तो आया, लेकिन साथ ही साथ इसने परिवार को और भी करीब ला दिया, “मुझे लगा कि इसने हमें कुछ हद तक मजबूत बनाया। इन अनुभवों ने बच्चों को अपने लक्ष्य के प्रति और भी दृढ़ बना दिया। यह एक ऐसी लड़ाई है जिसका हम सब मिलकर सामना करेंगे।”

ब्राउडे ने शेन युन में शामिल होने के बाद दोनों भाइयों में आए कई बदलावों के बारे में बताते हुए कहा, “वे अधिक जिम्मेदार हो गए हैं, वे अधिक जिम्मेदारी से काम करते हैं, और शारीरिक और मानसिक रूप से भी अधिक मजबूत हो गए हैं। यह उनके घर पर रहने के समय से बिलकुल अलग है।” उन्होंने हंसते हुए कहा, “आप उनके शरीर और व्यवहार से यह देख सकते हैं। पहले, वे अक्सर सोफे पर बैठे रहते थे, उन्हें दौड़ने के लिए प्रेरित करना मुश्किल था। अब, वे हर दिन 3 से 5 घंटे प्रशिक्षण लेते हैं, वे बेहतरीन शारीरिक स्थिति में हैं, और गहन प्रशिक्षण को सहन करने में सक्षम हैं। यह पहले से बिल्कुल अलग है।”

एलिसन चेन: शेन युन में मेरा अनुभव मुझे लगातार लाभ पहुंचा रहा है

फिल्म की मुख्य रचनाकारों में से एक, एलिसन चेन ने कहा कि शेन युन में उनका अनुभव उन्हें लगातार लाभ पहुंचा रहा है

फिल्म की मुख्य रचनाकारों में से एक, एलिसन चेन ने कई वर्षों तक शेन युन के साथ दौरा किया। जब उनसे पूछा गया कि शेन युन छोड़ने के बावजूद वह शेन युन के लिए आवाज़ क्यों उठाना चाहती थीं और फिल्म निर्माण में क्यों भाग लेना चाहती थीं, तो उन्होंने कहा, "मीडिया की कई रिपोर्टें बहुत एकतरफा हैं - वे अतिरंजित भाषा का उपयोग करके शेन युन को एक चरमपंथी समूह के रूप में पेश करती हैं। शेन युन के साथ रहते हुए मेरा अनुभव ऐसा नहीं था।" "मैं सभी को यह बताना चाहती हूं: शेन युन के कलाकार अपने काम से प्यार करते हैं, वे अपनी कला के प्रति जुनून से भरे हुए हैं।"

उन्होंने बताया कि उन्होंने बचपन से ही फालुन गोंग का अभ्यास शुरू कर दिया था और उनका पालन-पोषण कैलिफोर्निया में हुआ। वह स्वतंत्र रूप से साधना और अपने  विश्वास का पालन कर पाती हैं, इसलिए वह चाहती हैं कि चीन में हो रहे उत्पीड़न के बारे में अधिक से अधिक लोगों को पता चले। शेन युन में शामिल होने की उनकी प्रारंभिक इच्छा का एक कारण यही था।

एलिसन ने कहा कि शेन युन के साथ बिताए समय से उन्हें कई लाभ मिले जिनका लाभ उन्हें आज भी मिल रहा है, “शेन युन में मैंने समझा कि अच्छे परिणाम मेहनत से ही मिलते हैं। इसके लिए धैर्य और दृढ़ता की आवश्यकता होती है। टूर के दौरान, भले ही शो देखने में शानदार लगे, लेकिन इसमें कई कठिनाइयों को पार करना पड़ता है और बहुत मेहनत करनी पड़ती है।” उन्होंने आगे कहा, “इन अनुभवों ने मेरे व्यक्तित्व और चीजों को देखने के मेरे नजरिए को आकार दिया है। अब, जब मैं नए प्रोजेक्ट पर काम करती हूं, जब चुनौतियां आती हैं, तो मैं उनका सामना करने का चुनाव करती हूं और आसानी से हार नहीं मानती, मैं पूरी कोशिश करती हूं कि लगातार प्रयास करती रहूं।”

फी तियान अकादमी के व्याख्याता: शेन युन की संस्कृति और आस्था की विरासत का गहरा महत्व है

फी तियान अकादमी के व्याख्याता झांग तियानलियांग ने कहा कि शेन युन द्वारा आस्था को कायम रखना और कलाओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना आज के समाज में महत्वपूर्ण है

मीडिया होस्ट और फी तियान अकादमी के लेक्चरर झांग तियानलियांग अपनी पत्नी के साथ प्रीमियर में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि शेन युन परफॉर्मिंग आर्ट्स की स्थापना के दो दशक बाद से ही इसे सीसीपी द्वारा लगातार नुकसान पहुंचाया गया है और बदनाम किया गया है। "यह पहली बार है जब शेन युन पर एक डॉक्यूमेंट्री बनी है। यह लोगों के सामने शेन युन की सच्ची कहानी पेश करने का एक शानदार अवसर है।"

जब उनसे पूछा गया कि इतने वर्षों के दमन के बावजूद यह समूह अपने मिशन पर कैसे अडिग रहा, तो उन्होंने कहा, “डॉक्यूमेंट्री में भी यही बताया गया है कि यह उनके विश्वास की शक्ति है। इतने वर्षों में दर्शकों की प्रतिक्रिया से हम देख सकते हैं कि फालुन गोंग पर हुए अत्याचार, उत्पीड़न के बावजूद फालुन गोंग  अभ्यासियों का दृढ़ विश्वास, और देवताओं और बुद्धों द्वारा मुक्ति—ये वे पहलू हैं जो डॉक्यूमेंट्री में कई लोगों को भावुक कर देते हैं और उनकी आँखों में आँसू आ जाते हैं। कला के माध्यम से सत्य को प्रस्तुत करना बहुत प्रभावशाली है।”

झांग तियानलियांग का मानना है कि शेन युन की दृढ़ आस्था और कलाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास आज के समाज में गहरा महत्व रखता है। उन्होंने समझाया, “मानव समाज हमेशा से आस्था का पालन करके ही आगे बढ़ पाता है। यदि आस्था का आधार खो जाए, तो सभ्यता का पतन शुरू हो जाएगा। इस प्रकार की पारंपरिक आस्था और मूल्यों को बनाए रखना ही किसी जातीय समूह की निरंतर प्रगति का आधार है। मेरा मानना है कि चाहे फालुन गोंग हो या शेन युन, वे जो कुछ भी कर रहे हैं वह अत्यंत सार्थक है।”

न्यूयॉर्क जिला नेता: मैं फालुन गोंग अभ्यासियों के साथ खड़ा रहूंगी

फ्लशिंग की जिला नेता मार्था फ्लोरेस-वाज़क्वेज़ ने कहा कि वह फालुन गोंग  अभ्यासियों के साथ खड़ी रहेंगी

फ्लशिंग जिले से डेमोक्रेट पार्टी की नेता मार्था फ्लोरेस-वाज़क्वेज़ ने प्रीमियर में शिरकत की। उन्होंने कहा कि फ्लशिंग जिले की नेता के रूप में कई वर्षों तक उन्होंने उत्पीड़ित फालुन गोंग अभ्यासियों के लिए आवाज़ उठाई है, विशेष रूप से उन फालुन गोंग  अभ्यासियों के लिए जिन्हें वह जानती थीं, जिनके परिवार के कुछ सदस्यों को चीन में उनके विश्वास के कारण यातना देकर मार डाला गया था। यह देखकर उन्हें बहुत दुख होता है।

डॉक्यूमेंट्री देखने के बाद उन्होंने कहा कि वे भावुक हो गईं, “घर लौटने पर मुझे आज जो कुछ हुआ उससे बहुत प्रोत्साहन मिलेगा। मैं प्रोडक्शन टीम की जांच की सराहना करती हूं। उन्होंने [सीसीपी] मुझे बदनाम करने की भी कोशिश की, लेकिन मैंने दबाव का सामना किया और फालुन गोंग अभ्यासियोंके साथ खड़ी हूं। मैं आपके साथ खड़ी रहूंगी।”

अनब्रोकन: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ शेन युन का भी उसी रात वैश्विक स्तर पर ऑनलाइन प्रीमियर हुआ।

फिल्म का ऑनलाइन प्रीमियर 24 मार्च को शाम 7 बजे (ईएसटी) हुआ और यह 12 अप्रैल, 2026 तक उपलब्ध रहेगी।