(Minghui.org) फालुन दाफा के बारे में पहली बार जानने से लेकर इसका सही मायने में अभ्यास शुरू करने तक मुझे 26 साल लग गए। इस दौरान, मुझे समझ आया कि एक सच्चा अभ्यासी बनना और मानवीय भ्रमों से मुक्ति पाना कितना कठिन है।

बार-बार दाफा को त्यागना

1994 की शुरुआत में, मैं एक मित्र से मिलने गया जिसने मुझे बताया कि उसने फालुन दाफा का अभ्यास शुरू कर दिया है। उसने यह भी बताया कि देश के कई जाने-माने लोग इसका अभ्यास कर रहे हैं। उसने दिखाया कि वह पद्मासन में कैसे बैठ सकता है और कुछ अलौकिक क्षमताओं के बारे में बताया।

जब उसने मुझे पद्मासन दिखाया, तो मैंने उससे कहा कि यह उतना कठिन नहीं लगता और मैं भी सहजता से उसी आसन में बैठ गया। वो बोला, “वाह! आपमें जन्मजात उत्कृष्ट गुण हैं!” मुझे उसकी बात समझ नहीं आई। उसने संक्षेप में साधना का अर्थ समझाया और मुझे फालुन दाफा का अभ्यास करने के लिए प्रोत्साहित करते रहा। हालांकि, उस समय मैं नौकरी बदलने में व्यस्त था, इसलिए मैंने सुझाव दिया कि हम इस पर बाद में चर्चा करेंगे। वह “बाद” 26 साल तक टल गया। फिर भी, “फालुन दाफा” शब्द मेरे हृदय में गहराई से बस चुका था।

मैंने अक्सर सहकर्मियों को फालुन दाफा के सिद्धांतों के बारे में बात करते सुना था। मुझे लगता था कि उनकी बातें तर्कसंगत थीं, लेकिन अभ्यास ने मुझे उतना आकर्षित नहीं किया। 1994 में नौकरी बदलने के बाद, मैंने जाने से पहले अपने दोस्त से विदाई लेने के लिए मुलाकात की। उन्होंने मुझे फालुन दाफा का अभ्यास करने के लिए प्रोत्साहित किया और अपने द्वारा देखे गए कुछ असाधारण अनुभवों के बारे में बताया। फिर भी, मैंने तुरंत अभ्यास शुरू करने का इरादा नहीं किया।

नौकरी बदलने का प्रयास सफल नहीं हुआ और मेरा जीवन उतार-चढ़ाव से भरा रहा, एक के बाद एक असफलताओं का सामना करना पड़ा। जब चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीसीपी) ने तियानमेन स्क्वेअर आत्मदाह की घटना का प्रसारण किया, तो मुझे पता चल गया कि फालुन दाफा का उत्पीड़न शुरू हो गया है। हालांकि, मुझे इस घटना पर संदेह था और मुझे विश्वास नहीं था कि यह सच हो सकता है।

लगभग 2001 में मुझे पता चला कि मेरे स्थानीय घरेलू सुरक्षा ब्यूरो के प्रमुख की एक कार दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। कई लोगों ने कहा कि यह फालुन दाफा के उत्पीड़न में उनकी संलिप्तता का कर्मफल था। इससे मुझे एहसास हुआ कि फालुन दाफा कोई साधारण साधना अभ्यास नहीं था।

2018 में, जब मैं नर्सरी में अपने बच्चे को लेने का इंतजार कर रहा था, तब किसी ने मुझे फालुन दाफा के बारे में सच्चाई बताने की कोशिश की। मुझे लगा कि कोई धार्मिक समूह का व्यक्ति मुझे धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश कर रहा है, इसलिए मैंने उसकी बात सुनने से इनकार कर दिया।

कुछ महीनों बाद, एक सब्जी के खेत के किनारे, एक अभ्यासी ने मुझे फिर से सच्चाई समझाई। उन्होंने मुझे एक सूचना पुस्तिका और सीडी दीं, और मुझे सीसीपी छोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उनकी बातों से मेरा मन नहीं बदला। एक बार फिर, मैंने दाफा को ऐसे अनदेखा कर दिया जैसे कोई जहाज रात में गुजर जाता है।

हालांकि, मैंने उनके द्वारा दी गई हर चीज़ पढ़ी और देखी, और धीरे-धीरे उत्पीड़न के बारे में कुछ सच्चाई का पता चला। मैंने उन लेखों को अन्य अभ्यासियों को भी पढ़कर सुनाया, और हम समझ गए कि यह उत्पीड़न पूर्व सीसीपी नेता जियांग ज़ेमिन द्वारा ही शुरू किया गया था।

2019 में, मेरी पत्नी ने मुझे अपना एक बेहद सजीव सपना सुनाया। उसके सपने में, पीले वस्त्र पहने कोई व्यक्ति हमारे घर आया, लेकिन उसे समझ नहीं आया कि इसका क्या अर्थ है। मैं हमेशा से देवता में विश्वास रखता आया हूँ, लेकिन उस समय मुझे समझ नहीं आया कि पीले वस्त्र पहने वह व्यक्ति कौन था। बाद में मुझे एहसास हुआ कि वह फालुन दाफा के मास्टरजी थे, जिन्होंने लोगों की विशाल भीड़ में हमें ढूंढ निकाला था। उन्होंने देखा कि हमारा परिवार मुसीबत में है और वे हमें बचाने आए हैं।

मेरी बेटी को ब्रेन ट्यूमर होने का पता चलने के बाद एक सच्चा अभ्यासी बनना

2019 के अंत में, हमारी बेटी को मस्तिष्क ट्यूमर का पता चला। यह हमारे लिए एक गहरा सदमा था। हमने इलाज के लिए हर संभव कोशिश की। जब पश्चिमी चिकित्सा से कोई फायदा नहीं हुआ, तो हमने पारंपरिक चीनी चिकित्सा का सहारा लिया। जब उससे भी कोई लाभ नहीं हुआ, तो हम चीन के प्रमुख अस्पतालों में शीर्ष न्यूरोसर्जन से परामर्श करने के लिए बड़े शहरों में गए। दुर्भाग्य से, उन्होंने भी ऑपरेशन करने से इनकार कर दिया।

यह मेरी इकलौती बेटी थी, और मुझे सचमुच ऐसा लग रहा था कि मैं उस मुकाम पर पहुँच गया हूँ जहाँ देवलोक से प्रार्थना करने पर भी कोई उत्तर नहीं मिल रहा था और धरती से विनती करने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही थी। यह कोविड-19 महामारी का चरम समय था। मेरे पास कोई रास्ता नहीं बचा था, कोई राह नहीं बची थी।

जब स्थानीय फालुन दाफा अभ्यासियों को मेरी बेटी की हालत के बारे में पता चला, तो वे हमारे लिए दाफा पेन्डेन्ट लाए और हमें यह वाक्य दोहराते रहने के लिए कहा, “फालुन दाफा अच्छा है, सत्य, करुणा और सहनशीलता अच्छी है।” हताशा में, मैंने अपनी बेटी से बार-बार इन वाक्यों को दोहराने और उन पर पूरी श्रद्धा से विश्वास करने का आग्रह किया।

बाद में अभ्यासियों ने हमें एक ऑडियो प्लेयर दिया ताकि हम मास्टरजी के प्रवचनों की रिकॉर्डिंग सुन सकें। उन्होंने हमें सद्विचार भेजने में भी मदद की और हमारे पूरे परिवार को सीसीपी छोड़ने में सहायता की। सद्विचार भेजते समय, मैंने अभ्यासियों के हाथ के इशारों की नकल की। मैं केवल उनकी हरकतों की नकल कर रहा था और मुझे विधि नहीं पता थी, लेकिन मेरे दिल में एक ही विचार था: "मैं मास्टरजी से प्रार्थना करता हूँ कि मेरी बेटी को जल्द से जल्द बचा लें।"

आँखें थोड़ी बंद करके, मैंने उन अभ्यासियों के सिर के ऊपर महल जैसी इमारतें और हरे-भरे चीड़ के पेड़ स्पष्ट रूप से देखे। मैं महल की ऊँची दीवारों के बाहर खड़ा था। बाद में एक अभ्यासी ने मुझे बताया, " मास्टरजी आपकी दिव्य दृष्टि खोल रहे हैं, ताकि आप उस असाधारण दृश्य को देखकर प्रोत्साहित हो सकें।"

मेरी बेटी को यकीन नहीं हुआ और दिन-ब-दिन उसकी हालत बिगड़ती चली गई। मैं लगातार रिश्तेदारों और दोस्तों से संपर्क करता रहा और उनसे डॉक्टर ढूंढने में मदद मांगता रहा। एक दोस्त ने एक बड़े शहर में एक विशेषज्ञ डॉक्टर ढूंढ लिया जो सर्जरी करने के लिए तैयार हो गया। हम तुरंत वहां गए।

ऑपरेशन के दौरान, मैं और मेरी पत्नी लगातार ये वाक्य दोहराते रहे, “फालुन दाफा अच्छा है, सत्य, करुणा और सहनशीलता अच्छी है।” जब कोई आसपास नहीं होता था, तो हम इसे ज़ोर से दोहराते थे; जब दूसरे मौजूद होते थे, तो हम इसे चुपचाप दोहराते थे। आठ घंटे से अधिक समय तक चले ऑपरेशन के दौरान, हमने शुभ वाक्य दोहराना कभी बंद नहीं किया। ऑपरेशन के बाद, डॉक्टर ने बताया कि ऑपरेशन बहुत सफल रहा और उन्होंने 95% ट्यूमर निकाल दिया है।

उसके बाद भी मेरी बेटी को कीमोथेरेपी करानी पड़ी। हैरानी की बात यह है कि उसके इलाज के छह महीनों के दौरान, मेरे सीने में जकड़न, दिल की धड़कन तेज होना और समय से पहले दिल की धड़कन होना जैसे सारे लक्षण गायब हो गए। मेरी पत्नी का उच्च रक्तचाप भी कम हो गया।

एक दिन जब मैं तौलिया धो रहा था, तो मैंने हमेशा की तरह उसे निचोड़कर पानी निकाला, तभी अचानक वह मेरे हाथों में फटकर टुकड़े-टुकड़े हो गया। बाद में मुझे समझ आया कि यह अलौकिक शक्तियों का प्रकटीकरण था— मास्टरजी की ओर से एक प्रोत्साहन।

घर लौटने के बाद, मेरी बेटी ने स्थानीय अस्पताल में अपना कीमोथेरेपी उपचार जारी रखा। घर पर, हम मास्टरजी के व्याख्यानों की रिकॉर्डिंग सुन पाते थे। साथी अभ्यासियों ने हमें मिंगहुई वेबसाइट तक पहुँचने का तरीका सिखाया और हमें जुआन फालुन की एक प्रति लाकर दी।

एक परिवार के रूप में, हमने फा का अध्ययन शुरू किया और Minghui.org पर अनुभव साझा करने वाले लेखों के साथ-साथ अन्य अभ्यासियों की चमत्कारिक साधना कहानियों को पढ़ने के लिए ऑनलाइन गए। तभी मेरी बेटी ने मास्टरजी और फा में सचमुच विश्वास करना शुरू किया। उसने स्वयं को साधना के लिए समर्पित कर दिया और पांच अभ्यास करने लगी। मुझे भी फालुन दाफा के सिद्धांतों को समझने का अवसर मिला, जो वास्तव में एक गहन आध्यात्मिक साधना है।

2020 की एक सुबह, मैं अपनी बेटी से कहने ही वाला था, “मैं अब सचमुच साधना करना चाहता हूँ।” लेकिन इससे पहले कि मैं कुछ बोल पाता, अचानक मुझे अपने सिर से लेकर एड़ियों तक एक धारा का प्रवाह महसूस हुआ। ऐसा लगा जैसे मुझे किसी शुद्ध पदार्थ से धोया गया हो, जैसे मेरा पूरा शरीर पूरी तरह से शुद्ध होकर पारदर्शी हो गया हो। ऐसा अनुभव मैंने पहले कभी नहीं किया था। मैंने अपनी बेटी को बताया और दो बार कहा, “मुझे कुछ महसूस हुआ!”

बाद में, एक साथी अभ्यासी ने मुझे बताया कि यह मास्टरजी द्वारा मेरे लिए ग्वांडिंग (मेरे सिर के ऊपरी भाग में ऊर्जा का संचार) किया जा रहा था। उस क्षण से, मुझे लगा कि मैंने वास्तव में साधना के द्वार में प्रवेश कर लिया है और एक सच्चा अभ्यासी बन गया हूँ। फालुन दाफा से मेरे पहले परिचय से लेकर उस क्षण तक 26 वर्ष बीत चुके थे।

मेरी बेटी अंतर्मुखी स्वभाव की है और ज्यादा बोलती नहीं है, लेकिन मैं समझ गया था कि उसने भी गंभीरता से साधना शुरू कर दी है, और मास्टरजी और फा में उसकी आस्था काफी मजबूत हो गई है।

मेरी बेटी के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अस्पताल में भर्ती होने के दौरान, मैं उसके सिर से लगभग एक मीटर ऊपर एक बोधिसत्व के चेहरे की स्पष्ट छवि देखकर आश्चर्यचकित रह गया। यह केवल चेहरा था, पूरा सिर नहीं, लेकिन यह एकदम साफ और पारदर्शी दिखाई दे रहा था, जिसकी रूपरेखा स्पष्ट थी। उस चेहरे में झलकती करुणा और दया का वर्णन शब्दों में नहीं किया जा सकता।

बोधिसत्व चुपचाप वहीं मंडराते रहे और मेरी बेटी को निहारते रहे। मेरी बेटी भी स्थिर रही और मैं भी नहीं हिला। मैं बस देखता रहा, बिना किसी विचार के। थोड़ी देर बाद अचानक मेरे मन में आया, “क्या यह बोधिसत्व नहीं हैं? मुझे इन्हें करीब से देखना चाहिए।” लेकिन जैसे ही यह विचार आया, वह छवि गायब हो गई। मैंने चाहे कितनी भी कोशिश की उसे दोबारा देखने या खोजने की, वह कहीं भी दिखाई नहीं दी।

मैंने इस बारे में किसी को नहीं बताया। मैं मन ही मन सोचता रहा, “हम मास्टरजी की देखरेख में हैं। एक बोधिसत्व मेरी बेटी की देखभाल करने क्यों आएंगे?” मेरे मन में कई सवाल उठ रहे थे।

जब मेरी बेटी की फॉलो-अप रिपोर्ट आई, तो हमने उसे सर्जन को दिखाया। तस्वीरें भेजने के कुछ ही समय बाद, सर्जन ने हमें वीडियो कॉल करके बधाई दी और कहा, “स्कैन बहुत बढ़िया और एकदम साफ हैं। उसे अब और कीमोथेरेपी की ज़रूरत नहीं है।”

लेकिन मुझे सबसे ज्यादा हैरानी इस बात पर हुई कि मेरी बेटी के सिर के ऊपर मुझे बोधिसत्व का चेहरा दिखाई दिया था। क्या बोधिसत्व हमारी भी देखभाल करते हैं? क्या मास्टरजी ने ही यह व्यवस्था की थी? मेरे मन में कई सवाल उमड़ रहे थे।

मास्टरजी की पुस्तक "संग्रहित शिक्षाएँ जो दुनिया भर में दी गई हैं"  पढ़ने के बाद ही मुझे अंततः समझ आया। मास्टरजी ने ही मेरी बेटी की इस स्थिति का कारण बनने वाली कर्मिक बाधाओं को पूरी तरह से दूर किया था। हमारा पूरा परिवार मास्टरजी की अपार करुणा और महान सद्गुणों के लिए अत्यंत आभारी है।

मुझे अक्सर 26 साल की देरी का अफसोस होता है, और मैं उन लोगों के लिए भी बहुत चिंतित हूँ जो अभी भी भटके हुए हैं। मुझे आशा है कि मेरे अनुभव को साझा करने से अधिक लोग जागृत होंगे और फालुन दाफा का अभ्यास शुरू करेंगे, ताकि हम सब मिलकर मास्टरजी के मार्ग पर चलकर एक उज्ज्वल और सुंदर भविष्य की ओर बढ़ सकें।