(Minghui.org) मैं कई वर्ष पहले की एक चमत्कारिक घटना साझा करना चाहता हूँ, जब हमने एक साथी अभ्यासी को बचाने का प्रयास किया था।
व्यावसायिक यात्रा के दौरान दो साथी अभ्यासी एक होटल में पुलिस द्वारा अवैध रूप से गिरफ्तार कर लिए गए। उनमें से एक, अभ्यासी गुआंग, मेरे इस अनुभव-साझाकरण का मुख्य विषय है। अपनी गिरफ्तारी से पहले गुआंग को फालुन दाफा में अपनी आस्था के कारण कई वर्षों तक जेल में रखा गया था।
गुआंग की पत्नी होंग—जो स्वयं भी फालुन दाफा की अभ्यासी हैं—मेरे और कुछ अन्य अभ्यासी साथियों के पास आईं और इस बारे में चर्चा की कि हम उन्हें कैसे बचा सकते हैं। दो युवा महिला अभ्यासी साथियों ने मुझसे आग्रह किया कि मैं गुआंग के परिवार के साथ मिलकर उसकी रिहाई की माँग करूँ और उन्होंने मुझे पुलिस से बात करने का तरीका भी बताया।
मैंने जवाब दिया, “जब आप लोग बात करने में अच्छी हैं, तो क्या आप वहाँ जा सकती हैं?”
लेकिन उन्होंने जोर दिया कि मुझे ही जाना चाहिए, जबकि अन्य अभ्यासी प्रोत्साहन भरी नजरों से मेरी ओर देख रहे थे। मुझे एहसास हुआ कि मेरा स्वार्थ और भय मुझे रोक रहे थे और इसी कारण मैं उनकी बात मानना नहीं चाहता था।
होंग ने हमें बताया कि गुआंग गंभीर खतरे में था। उसे एक होटल की तीसरी मंजिल पर रखा गया था। गार्ड के कमरे में प्रवेश करने के बाद जैसे ही उसने अपनी पीठ मोड़ी, गुआंग ने खिड़की से भागने की कोशिश की। दुर्भाग्य से, उसे कई जगह गंभीर चोटें आईं और उसकी कई हड्डियाँ टूट गईं। उसे आपातकालीन उपचार के लिए शहर के सबसे बड़े अस्पताल में ले जाया गया।
610 कार्यालय के प्रमुख ने गुआंग के पिता को झूठा आश्वासन दिया कि वह ठीक है। लेकिन जब उसके पिता ने अंततः उसे देखा, तो गुआंग अपनी आँखों को छोड़कर शरीर का कोई भी अंग हिलाने में पूरी तरह असमर्थ था।
मास्टरजी ने कहा:
“दूसरे व्यक्ति की चीजें तुम्हारी चीजें हैं, और तुम्हारी चीजें उसकी चीजें हैं।”— (2002 में वॉशिंगटन, डी.सी. सम्मेलन में दि गयी फ़ा शिक्षाए "कलेक्टेड टीचिंग्स गिवेन अराउंड द वर्ल्ड, वॉल्यूम II)
फालुन दाफा के एक शिष्य के रूप में मुझे मास्टरजी की शिक्षा का पालन करना चाहिए और अपने हितों को सबसे पहले नहीं रखना चाहिए। अगर और कुछ नहीं कर सकता, तो कम से कम डॉक्टरों को सच्चाई स्पष्ट कर सकता हूँ।
इसके बाद मैंने अपने अंतर्मन में देखा और अपने साथी अभ्यासी साथियों से कहा, “ठीक है, मैं परिवार के साथ मिलकर गुआंग की रिहाई की माँग करूँगा। लेकिन आप सभी आसपास के क्षेत्रों में जाकर सद्विचार भेजें।”
वे सभी सहमत हो गए।
अगले दिन मैंने अपना पूरा साहस जुटाया और अपने सद्विचारों को मजबूत करते हुए गुआंग के माता-पिता और उसकी पत्नी के साथ अस्पताल गया। आपातकालीन कक्ष और लॉबी में साथी अभ्यासी सद्विचार भेज रहे थे। लेकिन हमें गुआंग नहीं मिला। एक डॉक्टर ने बताया कि गुआंग को दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है, लेकिन उसे यह नहीं पता था कि किस अस्पताल में।
हम सभी अगले कदम पर चर्चा करने के लिए एक साथ बैठ गए। मेरे द्वारा अभी-अभी बनाए गए थोड़े से सद्विचार फिर से भय से ढक गए। मैं एक ओर बैठ गया, मास्टरजी के व्याख्यान पढ़ता रहा, लगातार स्वयं को सुधारता रहा और फा के दृष्टिकोण से परिस्थितियों को समझने का प्रयास करता रहा।
अचानक एक साथी अभ्यासी ने एक अस्पताल का नाम लिया, जिसके बाद होंग ने वहाँ जानकारी लेने की कोशिश की। गुआंग वास्तव में वहीं था। उसे चौथी मंजिल के एक वार्ड में रखा गया था, जिसके बाहर लोहे का दरवाजा था। हमें यकीन हो गया कि यह मास्टरजी का मार्गदर्शन था! सभी ने अगले दिन अस्पताल जाने पर सहमति जताई।
मैं सुबह-सुबह अस्पताल पहुँचा, लेकिन वहाँ कोई अभ्यासी नहीं था। क्या हुआ? कोई क्यों नहीं आया?
जब मैं अनिश्चित होकर खड़ा था, तभी गुआंग के माता-पिता और पत्नी वहाँ पहुँच गए। मैंने गुआंग की माँ को सीढ़ियाँ चढ़ने में मदद करने की कोशिश की, लेकिन गुआंग के पिता ने मुझे रोकते हुए कहा, “यहाँ अपना चेहरा मत दिखाओ। आसपास पुलिस वाले हैं। हम धीरे-धीरे सीढ़ियाँ चढ़ सकते हैं।”
मैं एक ओर हट गया और देखा कि एक अन्य अभ्यासी भी वहाँ पहुँच गई थी। मैंने उससे परिवार की सहायता करने और सद्विचार भेजने के लिए कहा।
गुआंग के माता-पिता और पत्नी वार्ड के दरवाजे पर जोर-जोर से दस्तक देने लगे और गुआंग का नाम पुकारने लगे। पुलिस घबरा गई और बार-बार पूछने लगी कि उन्हें अस्पताल का पता कैसे चला।
उसी समय हमारे आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। मैंने उनसे कहा, “देखिए, इस परिवार की हालत कितनी दयनीय है। उनके बेटे को केवल इसलिए जेल में डाल दिया गया क्योंकि वह फालुन गोंग का अभ्यास करता है। दमन के कारण उसकी नौकरी चली गई। रिहा होने के बाद उसे व्यावसायिक यात्रा के दौरान होटल में फिर से गिरफ्तार कर लिया गया। जब उसने पुलिस से पूछा कि उसे क्यों गिरफ्तार किया जा रहा है, तो पुलिस ने केवल इतना कहा कि उसे कारण पता होना चाहिए। अवैध गिरफ्तारी का विरोध करने के लिए उसने खिड़की से छलाँग लगा दी।”
लोग परेशान हो गए और कुछ ने तो पुलिस के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने का सुझाव भी दिया। जब एक डॉक्टर स्थिति का पता लगाने के लिए बाहर आया, तो मैंने उसे गुआंग की पूरी कहानी बताई। यह सब सुनकर सफाईकर्मी महिला की आँखों में भी आँसू आ गए।
पुलिस ने 610 कार्यालय के प्रमुख को अस्पताल बुलाया, लेकिन उसने गुआंग को रिहा करने से इनकार कर दिया और होंग पर चिल्लाने तथा उसे धमकाने लगा।
अगले दिन जब हम फिर मिले, तो होंग ने हमें बताया कि 610 कार्यालय के प्रमुख ने गुआंग के पिता से कहा था कि गुआंग आधी रात में भाग गया। गुआंग के पिता को यह सुनकर राहत मिली कि वह भाग गया था, लेकिन मैंने उन्हें याद दिलाया, “गुआंग की इतनी गंभीर चोटों को देखते हुए वह कैसे भाग सकता था? उनसे निगरानी कैमरे की फुटेज देखने को कहिए। जबरन अंग-प्रत्यारोपण के लिए अंग निकालने के कई मामले सामने आए हैं—हमें सतर्क रहना चाहिए।”
गुआंग के पिता ने अस्पताल की निगरानी कैमरे की फुटेज देखी। उसमें पता चला कि गुआंग अपनी मंजिल से नीचे आया, मुख्य प्रवेश द्वार तक पहुँचा और पाया कि अस्पताल का गेट बंद था। इसके बाद वह पहली मंजिल के शौचालय में गया और खिड़की से बाहर निकल गया। यह अविश्वसनीय था!
बाद में जब हम गुआंग से मिले, तो उसने हमें बताया कि वास्तव में क्या हुआ था।
जब उसका परिवार अस्पताल पहुँचा, तो उसने उन्हें अपना नाम पुकारते हुए सुना था। उसी दिन बाद में एक सफाईकर्मी महिला ने उसे देखा और उसकी निगरानी कर रहे दो युवा पुलिस अधिकारियों से कहा, “यह इतनी बुरी तरह घायल है, आप कम से कम इसे थोड़ा पानी तो पिला सकते हैं?”
एक पुलिस अधिकारी ने गुआंग के बटुए से 100 युआन निकाले और पानी की एक बोतल खरीदी। उसने बचे हुए पैसे गुआंग के तकिए के नीचे रख दिए।
आधी रात को जब गुआंग सो रहा था, तो उसने किसी को कई बार दरवाजा खटखटाते हुए सुना। गुआंग को एहसास हुआ कि यह मास्टरजी की ओर से बाहर निकलने का संकेत होना चाहिए। लेकिन वह बिल्कुल भी हिल नहीं सकता था। जरा-सी हरकत से इतना तेज दर्द होता कि उसके शरीर से ठंडा पसीना निकल आता। वह भला कैसे बाहर निकल सकता था?
लेकिन फिर उसने सोचा, “अगर मास्टरजी मुझे जाने के लिए कह रहे हैं, तो मैं निश्चित रूप से जा सकता हूँ।”
उसने उठकर बैठने का प्रयास किया और जैसे-जैसे उसका शरीर हिला, उसे पूरे शरीर में हड्डियों के चटकने की आवाजें सुनाई दीं। फिर चमत्कारिक रूप से उसकी टूटी हुई हड्डियाँ मानो स्वयं अपनी जगह पर आ गईं और उसी समय ठीक हो गईं।
गुआंग ने दोनों युवा पुलिस अधिकारियों की ओर देखा। दोनों सो चुके थे। उसने दरवाजा खोला और पहली मंजिल तक चला गया, लेकिन वहाँ पहुँचकर देखा कि मुख्य गेट बंद था। फिर वह शौचालय में गया और खिड़की से बाहर निकल गया।
खिड़की जमीन से काफी ऊँचाई पर थी, लेकिन संयोग से उसके ठीक नीचे एक साइकिल रखी थी। वह साइकिल पर उतरा और उसकी सहायता से जमीन तक पहुँच गया।
तकिए के नीचे रखे पैसों से उसने टैक्सी ली। कुछ दूर जाने के बाद चालक ने देखा कि गुआंग ने केवल बनियान पहन रखी थी और उसका शरीर पट्टियों से बँधा था। चिंतित होकर चालक ने गुआंग से दूसरी टैक्सी में जाने के लिए कहा और किराया लेने से इनकार कर दिया।
इस प्रकार, मास्टरजी के मार्गदर्शन में गुआंग सफलतापूर्वक वहाँ से निकल गया।
दाफा असाधारण है। इस तरह के अनगिनत चमत्कार हैं। एक शिष्य के रूप में अब मैं यह अधिकाधिक समझने लगा हूँ कि मास्टरजी के लिए शिष्यों और सभी जीवों को बचाना कितना कठिन है। इतने वर्षों तक दमन और कष्ट सहने के बाद, मेरे आसपास के साथी अभ्यासी अपने सद्विचारों में और अधिक दृढ़ हो रहे हैं। आइए, हम सभी आगे बढ़ने का प्रयास करें और साथ-साथ घर लौटें।
कॉपीराइट © 1999-2026 Minghui.org. सर्वाधिकार सुरक्षित।