(Minghui.org) मैं ग्रामीण क्षेत्र से हूँ और मैंने 1996 में फ़ालुन दाफ़ा का अभ्यास शुरू किया था। मैंने यह लेख साथी अभ्यासी के साथ अपने साधना अनुभव साझा करने के लिए लिखा है, ताकि हम साथ मिलकर सुधार कर सकें। फ़ा की मेरी समझ सीमित है और मैंने अधिक शिक्षा भी प्राप्त नहीं की है, इसलिए यदि इसमें फ़ा के अनुरूप न होने वाली कोई बात हो, तो कृपया मुझे बताएं।

अपना विश्वास त्यागने से इनकार करने के कारण मुझे जबरन श्रम शिविर भेज दिया गया था। 2009 में रिहा होने के बाद मुझे एहसास हुआ कि मेरे कारावास का कारण यह था कि मैंने फ़ा का अच्छी तरह अध्ययन नहीं किया था और यह नहीं जानती थी कि अपने अंतर्मन की ओर कैसे देखना है। मैंने दाफ़ा से संबंधित कार्य करने को वास्तविक साधना समझ लिया था।

व्यापक रूप से फ़ा का अध्ययन करने के माध्यम से मैंने अपने अंतर्मन की ओर देखना और वास्तव में स्वयं की साधना करना सीखा, जिससे मेरी साधना के लिए एक ठोस आधार तैयार हुआ। तब से मैंने यह सुनिश्चित किया है कि हर दिन कम से कम ज़ुआन फालुन का एक व्याख्यान शुद्ध मन से पढ़ूँ। समय मिलने पर मैं फ़ा को याद भी करती हूँ और विभिन्न स्थानों पर मास्टरजी द्वारा दिए गए व्याख्यानों का अध्ययन करती हूँ।

फ़ा में रहते हुए मैंने स्वयं में सुधार किया और मुझे एहसास हुआ कि फ़ा-सुधार के दौरान दाफ़ा के अभ्यासी के लिए  सचेतन जीवों को बचाना महत्वपूर्ण है। इसी कारण मैंने अपने घर में एक छोटा सामग्री उत्पादन केंद्र स्थापित किया। अपनी सत्य-प्रसार सामग्री की आवश्यकता पूरी करने के अलावा, मैं अन्य अभ्यासी द्वारा वितरित करने के लिए भी सामग्री तैयार करती हूँ। साथ ही, जब मैं सद्विचार भेजती हूँ, तो मैं अपना ध्यान केंद्रित रखने और अपने सद्विचारों को मजबूत बनाए रखने में सक्षम होती हूँ।

सच्चाई स्पष्ट करने से लोगों को बचाया जा सकता है

मेरे परिवार का वातावरण अपेक्षाकृत अच्छा है। मैं अपने परिवार के छोटे सदस्यों के साथ रहती हूँ और वे सभी दिन में काम पर चले जाते हैं, इसलिए मैं घर पर अकेली रहती हूँ। इसका अर्थ है कि मुझे सामग्री तैयार करने या बाहर जाकर लोगों को दाफ़ा और दमन के बारे में बताने की स्वतंत्रता रहती है।

मैं एक दूसरे गाँव में गई और वहाँ कुछ अधेड़ उम्र की महिलाओं को एक साथ बैठे बातें करते और एक प्यारी-सी बच्ची के साथ खेलते देखा। मैंने बच्ची की सुंदरता और उसके अच्छे व्यवहार की प्रशंसा की और उन सभी ने विनम्रता से जवाब दिया।

लेकिन जैसे ही मैंने दाफ़ा के बारे में बात करना शुरू किया, उनमें से एक बुज़ुर्ग महिला गुस्से में बोली, “क्या तुम फ़ालुन दाफ़ा का अभ्यास करती हो? मैं पुलिस को बुलाकर तुम्हें गिरफ्तार करवाऊँगी। तुम्हारी इतनी हिम्मत कैसे हुई!” दूसरी महिलाओं ने भी सीसीपी के प्रचार को दोहराते हुए कठोर और अप्रिय बातें कहीं। मैं थोड़ी घबराई, फिर भी बिना बहस किए शांत खड़ी रही। मैं जानती थी कि सीसीपी के प्रचार से इन महिलाओं को धोखा दिया गया था और मुझे उन्हें सच्चाई स्पष्ट करनी चाहिए।

मैं मुस्कुराई और शांत स्वर में कहा, “कृपया नाराज़ न हों। अगर आप नहीं सुनना चाहतीं, तो मैं जा सकती हूँ। फोन करने की कोई आवश्यकता नहीं है। अगर आप मेरी शिकायत करती हैं, तो इससे केवल आपको ही नहीं, बल्कि आपके परिवार और आने वाली पीढ़ियों को भी नुकसान हो सकता है। फ़ालुन दाफ़ा के अभ्यासी अच्छे लोग हैं, जो सत्य-करुणा-सहनशीलता के अनुसार जीवन जीते हैं। मैं गिरफ्तार होने और मार खाए जाने का जोखिम उठाकर इतनी दूर इसलिए आई हूँ कि आपको बताऊँ कि आप विपत्ति से कैसे बच सकती हैं और सुरक्षित रह सकती हैं। क्या इससे आपको सौभाग्य नहीं मिलेगा? क्या आप नहीं मानतीं कि मैं कुछ अच्छा कर रही हूँ?”

वे चुप हो गईं, मानो कुछ हुआ ही न हो। उनमें से एक मेरे लिए एक छोटी-सी चौकी भी ले आई, ताकि मैं बैठ सकूँ, और मुझसे दाफ़ा के बारे में और बताने को कहा। मैंने उन्हें समझाना शुरू किया कि फ़ालुन दाफ़ा एक गहन और सम्मानित साधना पद्धति है, जो लोगों को अच्छा इंसान बनना सिखाने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य में भी सुधार करती है। मैंने आगे बताया कि तियानमेन चौक की आत्मदाह की घटना सीसीपी द्वारा रचा गया एक झूठा प्रपंच था, और गुइझोउ में एक छिपे अक्षरों वाला पत्थर है, जिस पर “चीनी कम्युनिस्ट पार्टी का पतन होगा” लिखा है। अंततः मैंने समझाया कि सुरक्षित रहने के लिए सीसीपी से अपना संबंध त्यागना क्यों आवश्यक है। मैं पूरे एक घंटे तक बोलती रही।

वे सभी ध्यान से सुनती रहीं। शायद उन्हें एहसास हो गया था कि अभ्यासी वास्तव में उन्हें बचाने और सुरक्षित रखने की कोशिश कर रहे हैं। उनमें से दो ने बताया कि वे युवा पायनियर्स में शामिल हुई थीं और उससे अपना संबंध त्यागने के लिए सहमत हो गईं।

मुझे ऐसी परिस्थितियों का कई बार सामना करना पड़ा था। लेकिन पहले, यदि लोग दाफ़ा की सच्चाई सुनना नहीं चाहते थे, तो मैं अपने अहंकार को किनारे रखकर आगे सच्चाई स्पष्ट करने के बजाय किसी अन्य पूर्वनिर्धारित व्यक्ति को ढूँढ़ने चली जाती थी। बाद में मुझे एहसास हुआ कि पहले सीसीपी के झूठ को उजागर करना आवश्यक है और उसके बाद सच्चाई स्पष्ट करनी चाहिए। तभी  सचेतन जीव समझ पाएँगे, सही चुनाव कर पाएँगे और दाफ़ा द्वारा बचाए जा सकेंगे।

दाफ़ा की चमत्कारी प्रकृति

2002 में, जब मेरे पति और मेरी उम्र 60 वर्ष भी नहीं हुई थी, वे एक तिपहिया वाहन पर मिट्टी लादकर ले जा रहे थे और मैं साइकिल से उनके आगे चल रही थी तथा उनकी सहायता के लिए तिपहिया वाहन का हैंडल पकड़े हुए थी। सड़क पर बहुत भीड़ थी और रास्ता इतना संकरा था कि मुश्किल से दो आमने-सामने आ रही गाड़ियाँ एक-दूसरे के पास से निकल सकती थीं।

जब हम पालतू पशुओं के बाज़ार के पास पहुँचे, तो हमारे दाईं ओर ट्रैक्टर-ट्रेलरों की एक कतार खड़ी थी, जिनमें कुत्ते लदे हुए थे। हमारे और उन वाहनों के बीच केवल लगभग एक फुट की जगह थी। जैसे ही मैं आखिरी ट्रेलर के पास से निकली, सामने से एक बस आ रही थी। उसी समय पीछे से आ रहा एक ट्रैक्टर हमें बाईं ओर से ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। ट्रैक्टर चालक ने जब बस को आते देखा, तो वह सीधे उसकी ओर बढ़ रहा था और समय रहते रुक नहीं सका। फिर, जैसे ही वह हमारे तिपहिया वाहन के बराबर पहुँचा, उसने अचानक दाईं ओर मोड़ दिया और हमसे जा टकराया।

मेरे पति 30 फीट से भी अधिक दूर जा गिरे और जमीन से जा टकराए। तिपहिया वाहन का अगला पहिया मुड़कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन पलटकर मेरी साइकिल से जा टकराया। मैं एक खड़े हुए ट्रैक्टर के नीचे जा गिरी। मेरे पति तुरंत उठे और अपने कपड़ों से मिट्टी झाड़ ली—उन्हें कोई चोट नहीं आई थी। मैं ट्रैक्टर के नीचे से रेंगकर बाहर निकली और मुझे भी बिल्कुल कोई चोट नहीं आई।

हमसे टकराने वाला ट्रैक्टर चालक 30 वर्ष की उम्र के आसपास का एक युवक था। वह बुरी तरह डर गया था और सदमे में काफी देर तक ट्रैक्टर पर बैठा रहा, फिर नीचे उतरा। उसने कहा, “साहब, मैडम, कृपया ट्रैक्टर में बैठ जाइए, मैं आपको अस्पताल ले चलता हूँ।”

मैंने उससे कहा, “हम फ़ालुन दाफ़ा का अभ्यास करते हैं। हम ठीक रहेंगे क्योंकि मास्टरजी हमारी रक्षा करते हैं। आपको जाना चाहिए।”

उसने हमें अस्पताल जाने के लिए बहुत समझाने की कोशिश की, लेकिन जब हम तैयार नहीं हुए, तो उसने ज़ोर देकर अपना फोन नंबर देने की कोशिश की। हमने वह भी लेने से मना कर दिया। अंत में उसने मेरे पति से कहा, “आज मेरी मुलाकात सच्चे फ़ालुन दाफ़ा अभ्यासी से हुई है! आप वास्तव में बहुत अच्छे लोग हैं। आज के समाज में आप जैसे लोग बहुत कम हैं।”

हम उसकी स्थिति को समझते थे। यदि ट्रैक्टर हमसे नहीं टकराता, तो वह उस विशाल बस से टकरा जाता और वह गंभीर मुसीबत में पड़ जाता। उसने मजबूरी में वह निर्णय लिया था। यद्यपि उसने जानबूझकर ऐसा निर्णय लिया था, फिर भी दाफ़ा के अभ्यासी होने के नाते हम उसकी स्थिति को समझ सकते थे।

बाद में जब मैंने इस घटना के बारे में सोचा, तो मैं यह देखकर आश्चर्यचकित रह गई कि मैं ट्रैक्टर के नीचे कैसे जा पहुँची और फिर भी मुझे कोई चोट नहीं लगी। मैं उस ट्रैक्टर से केवल एक फुट की दूरी पर थी और साइकिल के ऊपर थी। सच कहूँ तो, लगभग 155 पाउंड (70 किलोग्राम) वजन होने के कारण मेरे लिए जानबूझकर ट्रैक्टर के नीचे रेंगना भी कठिन होता। यह वास्तव में एक चमत्कार था! मास्टरजी, मेरा जीवन बचाने के लिए आपका धन्यवाद!

2017 में, 73 वर्ष की आयु में, मैं एक और कार दुर्घटना का शिकार हुई। एक वाहन ने मुझे टक्कर मार दी और मैं बेहोश होकर जमीन पर पड़ी रही। अस्पताल में पता चला कि मेरी पाँच पसलियाँ टूट गई थीं। फिर भी, मास्टरजी और दाफ़ा में मेरे दृढ़ विश्वास तथा मेरी मजबूत इच्छाशक्ति के कारण मैं केवल एक सप्ताह में पूरी तरह स्वस्थ हो गई। मास्टरजी ने मेरी ओर से जीवन का ऋण चुकाया और मुझे नया जीवन प्रदान किया। इस घटना का स्थानीय स्तर पर बहुत प्रभाव पड़ा और इसने दाफ़ा की चमत्कारी प्रकृति को प्रदर्शित किया। यह घटना पहले ही Minghui.org पर प्रकाशित हो चुकी है, इसलिए मैं इसे यहाँ दोहराऊँगी नहीं।

अब मैं 80 वर्ष की हूँ और हर वर्ष स्वयं को और अधिक युवा तथा ऊर्जावान महसूस करती हूँ। मैं अपने मन की साधना करती हूँ, अपने अंतर्मन में देखती हूँ और तीन कार्य करती हूँ। एक साथी अभ्यासी सच्चाई स्पष्ट करने के लिए बाहर गई थीं और लौटकर उन्होंने बताया कि उनकी मुलाकात एक बुज़ुर्ग व्यक्ति से हुई, जिसने प्रशंसा करते हुए कहा, “क्या आप मेरी उम्र की किसी बुज़ुर्ग महिला को जानती हैं? उनका व्यक्तित्व और उत्साह देखिए। वे बिल्कुल भी 80 वर्ष की नहीं लगतीं।” उस अभ्यासी को पता था कि वह मेरे बारे में बात कर रहे थे और उन्होंने मुझे यह बताया। वास्तव में, जो अभ्यासी लगन से दाफ़ा की साधना करते हैं, वे अक्सर ऐसे चमत्कार अनुभव करते हैं। ये सभी मास्टरजी और दाफ़ा द्वारा प्रदान की गई विशेष कृपाएँ हैं। हम वास्तव में भाग्यशाली हैं कि मास्टरजी हमारी रक्षा कर रहे हैं।

जब भी मुझे इन चमत्कारी और भावुक कर देने वाली घटनाओं की याद आती है, तो मेरे हृदय की गहराइयों से मास्टरजी के प्रति गहरी कृतज्ञता और श्रद्धा उमड़ती है! मैं केवल लगन से साधना करके, मास्टरजी की शिक्षाओं का पालन करके, फ़ा-सुधार के दौरान मास्टरजी की सहायता करके, अधिक से अधिक सचेतन जीवों  को बचाकर और नए ब्रह्मांड के मानक पर खरा उतरते हुए निःस्वार्थ होकर तथा हमेशा दूसरों को पहले रखकर ही मास्टरजी की असीम कृपा के योग्य सिद्ध हो सकती हूँ।

मास्टरजी, आपके अथक प्रयासों और अपने शिष्यों को करुणापूर्वक बचाने के लिए आपका धन्यवाद। सभी सचेतन जीवों के प्रति आपकी असीम करुणा के लिए आपका धन्यवाद, मास्टरजी!